1 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जोधपुर के इस चौराहे के पास अतिक्रमियों ने जमा लिया कब्जा फिर भी मौन है निगम

- सड़क किनारे खड़े ठेले लगने से यातायात हो रहा बाधित, बना रहता है दुर्घटना का अंदेशा
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जोधपुर

•

image

Sawaisingh Rathore

•

Updated: 21 May 2018, 9:16 PM IST

Encroachment In Jodhpur

Encroachment In Jodhpur

बासनी (जोधपुर).
क्षेत्र के चौपासनी रोड से पाल लिंक रोड को जोडऩे वाली सड़क पर अणदाराम स्कूल चौराहे से पीएफ कार्यालय जाने वाली सड़क पर कई ठेलाधारकों ने अतिक्रमण कर कब्जा कर लिया है। नगर निगम की उदासीनता के कारण अतिक्रमण करने वालों को कोई परवाह नहीं है। इन ठेलाधारकों की बढ़ती संख्या के कारण सड़क मार्ग की चौड़ाई कम होती जा रही है। इससे वाहन चालकों सहित राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इन अतिक्रमियों ने डालीबाई चौराहे की ओर जाने वाली सड़क के किनारे सब्जी,फल , फैंसी आइटम, अंडे आदि के ठेले खड़े कर रखे हैं। यह मार्ग नहर रोड को बाइपास रोड से जोड़ता है। इसके साथ इस मार्ग पर कुछ सरकारी दफ्तर व स्कूल आदि होने के कारण सुबह से लेकर शाम तक वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में सड़क के एक ओर इन ठेलाधारकों के कब्जे के कारण मोड़ पर टर्न लेने वाले वाहन चालकों के लिए हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

रहती है हादसे की आशंका
चौराहे के मोड़ पर अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण हर समय हादसे की आशंका रहती है। सड़क पर अणदाराम चौराहे से डालीबाई चौराहे की ओर जाने वाली सड़क के मोड़ पर ही ठेलाधारकों ने अतिक्रमण कर रखा है। यहां पाल लिंक रोड से आने वाले वाहन चालकों को मोड़ होने के कारण अतिक्रमण एकदम से नजर नहीं आता है। जिससे कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।साथ ही चौपासनी की ओर जाने वाले वाहन चालक तेज गति में आते है। वहीं डालीबाई चौराहे की ओर से आने वाले वाहन चालक भी बेरिकेट्स से घूमकर आने के बजाए शार्टकट से ही मुड़ते हैं। ऐसे में इन वाहनों की आपसी टक्कर की आशंका रहती है। चौराहे पर एक गड्ढा भी है जिसके दोनों ओर बेरिकेट्स रखकर काम चलाया जा रहा है। इसके कारण भी वाहन चालकों के गिरकर चोटिल होनी की आशंका रहती है। पुलिस भी चौराहे के पास खड़ी होकर वाहनों के चालान तो काट लेती है लेकिन उन्हें अव्यवस्थित बेरिकेट्स,अतिक्रमण और यातायात की परवाह नहीं है।

रात में पसरा रहता है अंधेरा
रात के समय चौराहे पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। चौराहे पर रोड लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण अंधेरा पसरा रहता है। ऐसे में वाहन चालकों को बस अपने वाहन की लाइट के भरोसे ही खतरनाक मोड़ पार करनी पड़ती है। गौरतलब है कि चौराहे के पास ही बिजली घर है। दिन में सड़क किनारे चारा डालने के कारण रात में यहां आवारा पशु घूमते रहते हंै। नहर रोड पर रात के समय कई बार लाइट नहीं जलती है। ऐसे में वाहन चालकों के आवारा पशुओं से भी टकराने की आशंका रहती है।

प्रशासन नहीं कर रहा कार्रवाई
चौराहे के आसपास हो रखे इन अतिक्रमण को लेकर प्रशासन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर रहा है। नगर निगम की अनदेखी का शिकार राहगीर और वाहन चालक हो रहे है। चौराहे के पास स्थित बिजलीघर के आसपास जहां कबाड़ी की दुकान वालों ने कब्जा कर रखा है। वहीं पाल लिंक रोड की ओर जाने वाली सड़क पर सुबह के समय गायों को हरा चारा बेचने वालों ने डेरा जमा रखा है। डालीबाई चौराहे की ओर जाने वाले रास्ते पर फास्ट फूड, फैन्सी, सब्जी बेचने वाले ठेलाधारकों आदि ने कब्जा कर रखा है। ऐसे में यदि प्रशासन की ओर से जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यहां अव्यवस्थाएं बढ़ जाएगी। जिससे अतिक्रमण हटाने में अधिकारियों के पसीने छूटेंगें।