
रंग लाई पत्रिका की मुहिम.. लहसुन खरीद अवधि बढ़ी, किसानों को राहत
जोधपुर . प्रदेश के लहसुन उत्पादक किसानों के राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने बाजार हस्तक्षेप नीति योजना के तहत 31 मई तक लहसुन खरीद की अनुमति दे दी है। इससे जिले के किसान 3257 रुपए क्विंटल के भाव से लहसुन बेच सकेंगे।
जिले में 35 हजार टन से अधिक उत्पादन
जिले में लगभग 3 हजार हैक्टेयर में लहसुन की बुवाई हुई है। इसमें 4 हजार से अधिक किसानों ने 35 हजार टन लहसुन उत्पादन किया। बाजार भाव 7-8 रुपए किलो होने से किसान परेशान थे। 32.57 रुपए किलो से सरकारी खरीद होने से किसानों को राहत मिली है। जिले में 10 हजार टन लहसुन खरीद का लक्ष्य है।
यहां करवा सकेंगे पंजीयन
सरसों व चने के लिए पंजीयन करवा रखे किसानों को नया पंजीयन करवाने की जरूरत नहीं है। वे उसी केंद्र से पुराने पंजीयन में लहसुन की गिरदावरी जुड़वा सकेंगे। नए टोकन ई-मित्र से हो सकेंगे।
पत्रिका ने उठाया मामला
लहसुन खरीद की अवधि को लेकर राजस्थान पत्रिका में 10 मई को किसानों से लहसुन खरीद का कम समय देने के लिए 'किसानों से लहसुन खरीदने के लिए 24 घंटे का समय' व 17 मई को 'लहसुन खरीद की अवधि बढ़ी, किसानों की ऊहांपोह जस की तस' खबर प्रकाशित की थी।
1200 का पंजीयन व 85 किसानों से खरीद
जोधपुर क्रय विक्रय सहकारी समिति की ओर से जिले में 15 मई से भदवासिया सब्जी-फ्रूट मंडी में खरीद शुरू की गई थी। इसके बाद बड़ी मात्रा में किसानों ने पंजीयन करवाए थे। 19 मई तक 1200 किसान पंजीयन करवा चुके हैं तथा 85 किसानों से लहसुन की खरीद की जा चुकी है।
प्रशांत कल्ला, उप रजिस्ट्रार, सहकारिता
Published on:
21 May 2018, 5:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.