
जोधपुर। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर तेजी से चल रहा है। देशभर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा व मंदिर शुभारंभ को लेकर उत्साह व राममय वातावरण बनाने के लिए विभिन्न अनुष्ठान हो रहे हैं। अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में पहली आरती जोधपुर की गोशाला में गायों से बने शुद्ध देसी घी से होगी, वहीं यज्ञ में भी जोधपुर का ही घी उपयोग में लिया जाएगा। इसी घी से मंदिर की अखंड ज्योत को भी प्रज्वलित की जाएगी। जोधपुर के बनाड़ स्थित संदीपन राम गोशाला में गायों से शुद्ध घी तैयार किया जा रहा है। यह घी गोशाला से 108 रथों में कलशों में डालकर कार्तिक पूर्णिमा देव दिवाली के दिन सूर्यनगरी से रवाना किया जाएगा। इस संबंध में तैयारियां पूरी है। वर्तमान में गोशाला में करीब 350 गायें हैं।
जड़ी-बुटियों से सुरक्षित घी
गोशाला की स्थापना के समय से ही 2014 यानि गत करीब 9 वर्षों से गौशाला का घी किसी को भी न बेचकर ना ही किसी को देकर केवल एकत्रित किया जा रहा है। करीब 9 सालों से एकत्रित किया जा रहा घी अभी तक खराब नहीं हुआ। इसके लिए गोशाला संचालक महर्षि संदीपनी राम महाराज ने ब्राह्मी व पान की पत्तियां समेत 5 प्रकार की अन्य जड़ी बूटियों का रस तैयार करके घी में मिलाया। इसके बाद घी को स्टील की टंकी में डालकर एसी में 16 डिग्री तक के तापमान में रखा और सुरक्षित स्टोरेज का ही नतीजा है कि 9 साल बाद भी यह घी पहले जैसा ही है।
108 रथ तैयार हो रहे
घी गोशाला में ही लकड़ी के बन रहे 108 रथों में कार्तिक मास की पूर्णिमा 27 नवम्बर को रवाना किए जाएंगे। हर रथ को 2 बैलों से खींचा जाएगा। जोधपुर से अयोध्या की दूरी करीब 1150 किलोमीटर की है और यह दूरी 21 दिनों में पूरी की जाएगी। प्रतिदिन करीब 50 से 60 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी और यात्रा 18 दिसंबर को अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है। इस पूरी यात्रा में करीब 15-20 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है। गोशाला संचालक महर्षि संदीपनी राम महाराज ने बताया कि सर्व समाज के सहयोग से यह कार्य होगा। इसके लिए उन्होंने राम भक्तों और भामाशाहों से सहयोग मांगा है। गोभक्त भी इन प्रयासों में सहयोग कर रहे हैं।
Published on:
24 Sep 2023, 9:27 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.