26 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर से सीएम भजनलाल शर्मा ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, बोले- श्रीराम के आदर्शों से ही मजबूत होगा समाज

Jodhpur News: जोधपुर में रामनवमी के अवसर पर सीएम भजनलाल शर्मा ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति का पुनर्जागरण हो रहा है।

3 min read
Google source verification
Jodhpur News, CM Bhajanlal Sharma, CM Bhajanlal Sharma in Jodhpur, CM Bhajanlal Sharma Jodhpur visit, Ram Navami, Jodhpur News, Rajasthan News

कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम भजनलाल शर्मा। फोटो- पत्रिका

जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का कार्य हो रहा है। शर्मा गुरुवार को जोधपुर के शिकारपुरा (लूणी) स्थित श्री राजाराम आंजणा आश्रम में आयोजित रामनवमी मेले तथा सिद्ध संत राजाराम महाराज के 144वें जन्मोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के भव्य मंदिर का निर्माण, वाराणसी से लेकर महाकाल महालोक कॉरिडोर सहित प्रमुख तीर्थस्थलों के आधारभूत ढांचे और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

रामनवमी की शुभकामनाएं दीं

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम भारत की आत्मा और सनातन के गौरव हैं और वे मर्यादा के प्रतीक, सत्य के संवाहक, धर्म के रक्षक और सेवा के सर्वाेच्च आदर्श हैं। श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि चरित्र, कर्तव्य और करुणा का स्थान पद एवं प्रतिष्ठा से सदैव ऊंचा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रामनवमी का पावन पर्व और संत राजाराम महाराज का जन्मोत्सव एक ही दिन होना आध्यात्मिक परंपरा का अद्भुत संगम है। प्रभु श्रीराम के आदर्शों को संत राजाराम महाराज ने जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया। वे एक तपस्वी ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे।

गौ संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार बाल विवाह उन्मूलन और बालिका शिक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ संरक्षण के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है। गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश की गौशालाओं को तीन हजार 400 करोड़ रुपए से अधिक का अनुदान वितरित किया गया है। एक लाख 37 हजार से अधिक निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आवासित किया गया है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को सांस्कृतिक चेतना के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। राजकीय मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों के लिए 25 करोड़ 38 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्री योजना के माध्यम से अब तक 86 हजार से अधिक बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है।

एलिवेटेड रोड देने के लिए भी कार्य जारी

शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार रामजल सेतु लिंक परियोजना, इंदिरा गांधी नहर के पुनर्निर्माण सहित विभिन्न कार्यों से पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरों टॉलरेंस की नीति के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जोधपुर को एलिवेटेड रोड देने के लिए भी कार्य जारी है।

इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया कि प्रदेशवासी प्रभु श्रीराम के आदर्शों और सिद्धांतों को आत्मसात करें, ताकि एक सशक्त और सुसंस्कृत समाज बने। गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी ने कहा कि संत दयाराम महाराज के नेतृत्व में समाज व्यसन मुक्त होते हुए शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी रूप से सहभागिता निभा रहा है। यह सभी के लिए अनुकरणीय है। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि संत राजाराम महाराज ने जीवनभर मानव सेवा और सामाजिक उत्थान के लिए कार्य किया।

यह वीडियो भी देखें

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि इस पावन धाम और पावन संतों के सानिध्य से ही नयी पीढ़ी का उत्थान संभव है। सामाजिक सरोकारों के साथ सांस्कृतिक एवं पारंपरिक जुड़ाव से ही समाज, प्रदेश और देश का विकास हो सकता है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शिकारपुरा धाम के गादीपति संत दयाराम महाराज का अभिवादन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने यहां मेले का अवलोकन किया तथा शिकारपुरा के संत राजाराम आश्रम के ऐतिहासिक मंदिर एवं समाधि स्थल के दर्शन किए। इस अवसर पर पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, जीवजंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, सांसद पीपी चौधरी, लुंबा राम चौधरी सहित विभिन्न विधायक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।