
बेलगाम बजरी माफिया के हौसले किस कदर बढ़ गए हैं, इसकी एकबानगी रविवार तड़के बेरु गांव में भारतमाला ओवर ब्रिज के पास देखने को मिली। पीछा कर रही पुलिस से बचने के लिए चालक ने बजरी से भरे डंपर से पुलिस की बोलेरो कैंपर को टक्कर मार दी। ओवर ब्रिज की स्लिप लाइन में फंसने से पुलिस की कैंपर चकनाचूर हो गई। गनीमत रही कोई पुलिसकर्मी हताहत नहीं हुआ। वहीं चालक डंपर को छोड़कर भाग गया।
पुलिस व ग्रामीणों ने बताया कि तड़के धुंधाड़ा से अवैध बजरी भरकर एक डम्पर रवाना हुआ। झंवर थाना पुलिस ने डंपर रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक डंपर को भगा ले गया। पुलिस ने उसका पीछा किया तो चालक केरू की तरफ डंपर भगाने लगा, जिसकी सूचना सूरसागर थाना पुलिस को दी गई। बेरू गांव में भारतमाला ओवर ब्रिज की स्लिप लाइन पर डंपर चालक ने पुलिस से पीछा छुड़ाने के लिए डंपर को तेज रफ्तार में बैक लेना शुरू किया। जिसके बाद पुलिस चालक ने बचने के लिए सरकारी कैंपर को भी बैक लेने की कोशिश की, लेकिन स्लिप लाइन में कैंपर फंस गई और बजरी से भरे डम्पर ने पुलिस की कैंपर को टक्कर मार दी। कैंपर का एक टायर नाले में फंस गया, जिसकी वजह से पुलिस कैंपर निकल नहीं पाई। डंपर की टक्कर से कैंपर चकनाचूर हो गई। उसमें सवार चालक व अन्य पुलिसकर्मियों ने समय पर बाहर निकल कर जान बचाई।
डम्पर जब्त, चालक फरार
सहायक पुलिस आयुक्त अशोक आंजना ने बताया कि पुलिस कैंपर को टक्कर मारकर चालक डंपर को वहीं छोड़कर भाग गया। डंपर थाने लाया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। दो-तीन क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त कैंपर को भी थाने लाया गया। डंपर चालक के खिलाफ सूरसागर थाने में जानलेवा हमला और राजकार्य में बांधा डालने का मामला दर्ज किया गया।
Published on:
24 Dec 2023 12:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
