
जोधपुर . यहां राजकीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में गुरुवार को सेना भर्ती रैली के दूसरे दिन 11 फीसदी अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण किया गया। दूसरे दिन बाड़मेर व उदयपुर के अभ्यर्थी पहुंचे। शुक्रवार को बालेसर, शेरगढ़, फलोदी व पीपाड़ सिटी के अभ्यर्थियों की रैली होगी।
सेना में सैनिक जीडी, क्लर्क/एसकेटी, तकनीशियन, नर्सिंग असिस्टेंट और ट्रेडमैन कैटेगरी में भर्ती के लिए रैली का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार से शुरू हुई भर्ती रैली के दो दिनों के दरम्यान कुल 814 अभ्यर्थियों का पहले राउण्ड में चयन हुआ है। गुरुवार को कुल पंजीकृत 6 हजार 364 अभ्यर्थियों में से 4 हजार 344 अभ्यर्थी पहुंचे। इसमें से 475 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। बुधवार को 339 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे। सात अप्रेल को जोधपुर की बावड़ी, बिलाड़ा, भोपालगढ़, ओसियां तहसील और आठ अप्रेल को बाप, जोधपुर, लोहावट, लूणी और तिंवरी तहसील के अभ्यर्थियों की रैली आयोजित होगी। नौ अप्रेल को पाली व सिरोही के साथ प्रदेश के बाहर के अभ्यर्थियों को रैली में शामिल किया जाएगा। भर्ती रैली 13 अप्रेल तक चलेगी।