जोधपुर @ पत्रिका. मेहरानगढ़ म्यूज़ियम ट्रस्ट की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किए जाने वाले मारवाड़ रतन पुरस्कारों की घोषणा की गई। इसके तहत केन्द्रीय रेलमंत्री व सूचना प्रौद्योगगी मंत्री अश्विनी वैष्णव को मारवाड़ का सर्वोच्च राव सीहा सम्मान से नवाजा जाएगा। वहीं, लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान ख्याति प्राप्त वरिष्ठ अधिवक्ता लेखराज मेहता को दिया जाएगा। मेहरानगढ़ म्यूज़ियम ट्रस्ट के महाप्रबन्धक जगतसिंह राठौड़ ने बताया कि ट्रस्ट के न्यासी पूर्व सांसद गजसिंह ने बुधवार को मारवाड़ रतन पुरस्कार 2023 की घोषणा की। इस अवसर पर दो अंतरराष्ट्रीय, चार राष्ट्रीय, बारह राज्य स्तरीय व एक लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कारों की घोषणा की गई। सभी पुरस्कार 12 मई को जोधपुर के स्थापना दिवस पर ‘‘मानशाही परकोटे का चौक’’, मेहरानगढ़ दुर्ग में आयोजित समारोह में दिए जाएंगे।