जोधपुर. जोधपुर से नागौर जाने वाले फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर 9 मील के पास ओसियां फांटा पर बने फ्लाईओवर में तकनीकी लापरवाही सामने आई है। पिछले 2 दिन से हो रही बारिश में ओवरब्रिज के दोनों छोर पर सड़क किनारे लगे सेफ्टी ब्लॉक ही उखड़ गए। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी यह खामी ढंकते हुए मात्र दरार आने के कारण बदलने की बात कह कर इसे एक सामान्य घटना ही बता रहे हैं। जोधपुर नागौर रोड पर बनाया गया फ्लाईओवर जनता के लिए शुरू भी नहीं हुआ कि तकनीकी खामियों की लापरवाही चौड़े आ गई। क्षेत्रवासियों के अनुसार बरसात के बाद फ्लाईओवर सड़क के पास लगे सेफ्टी ब्लॉक खिसक गए और कंक्रीट व मिट्टी आदि सड़क पर फैल गई। अफसरों को इस बारे में पता चलने पर आनन- फ ानन में ब्लॉक बदलने का काम शुरू कर दिया गया। ठेकेदार के कर्मचारी बुधवार को नए ब्लॉक लगाने का काम करते हुए देखे गए।