
जोधपुर। शिकारगढ़ स्थित सैन्य क्षेत्र के क्वार्टर में एक जवान की पत्नी और उसकी दो साल की बेटी के आग से जले शव मिलने के मामले में सेना ने भी अपने जवान पर हत्या की आशंका जताई है। सेना के मुताबिक महिला और बच्ची दोनों के मुंह व नाक से झाग निकले हुए थे, जिससे दोनों को जहर देकर बाद में कमरे में आग लगाने का अंदेशा है। सेना ने अपने जवान पर उसकी पत्नी व बच्ची की हत्या कर सबूत नष्ट करने की भी बात कही है। महिला के पीहर पक्ष के लोग मंगलवार को जोधपुर पहुंचेंगे। उनके आने के बाद ही महात्मा गांधी अस्पताल में दोनों शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पत्नी व बच्ची को जलता देखता रहा
पुलिस व सेना जब क्वार्टर पर पहुंची थी तब रामप्रसाद जले हुए कक्ष के बाहर ही बैठा था। दोनों शव पलंग पर पड़े थे। रामप्रसाद भी यहीं सो रहा था। उसका कहना है कि वह आग लगने के दरम्यान सहायता के लिए बाहर चला गया, जबकि उसने खुद ने पत्नी व बेटी को बचाने की कोशिश नहीं की।
पत्नी का मोबाइल जल गया, खुद का डाटा डिलिट
रामप्रसाद के क्वार्टर में सुबह 4.30 बजे आग लगी थी। आग में उसकी पत्नी का मोबाइल जल गया। रामप्रसाद ने खुद के मोबाइल का डाटा डिलिट कर दिया। पुलिस पूछताछ में रामप्रसाद ने बताया कि वह मोबाइल का उपयोग कम करता है, लेकिन रामप्रसाद बार-बाद अपना बयान बदल रहा है।
शिकारगढ़ हमीद बाग सैन्य क्षेत्र में रविवार सुबह सेना के नायक रामप्रसाद शर्मा के क्वार्टर में पलंग पर उसकी पत्नी रुकमीना (25) और दो साल की पुत्री रिद्धिमा के जले हुए शव मिले थे। रामप्रसाद खुद भी क्वार्टर में बैठा था। वह आग का कारण शॉर्ट सर्किट बता रहा है। पुलिस व सेना को आशंका है कि रामप्रसाद ने दोनों की हत्या की है। रामप्रसाद सिक्किम में पाकियोंग के रोरातांग का रहने वाला है जबकि उसकी पत्नी रुकमीना नेपाल निवासी है। दोनों की तीन साल पहले ही शादी हुई थी। दोनों के मध्य पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। सेना ने रामप्रसाद के विरुद्ध रातानाडा थाने में एफआइआर दर्ज कराई है। रामप्रसाद अभी पुलिस हिरासत में है।
Published on:
01 Aug 2023 12:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
