सरकार ने सत्ता में आने से पहले रोडवेज में नई बसों की खरीद का वादा किया, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से साकार नहीं हो पा रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सरकार ने चार साल में अधिकारियों को 640 बसों की खरीद को मंजूरी दी, लेकिन गलत नीति की वजह से हर बार अधिकारी बसों की खरीद प्रक्रिया में फेल साबित हुए। चार साल में खरीदी जाने वाली बसों में 50 इलेक्ट्रिक और 590 डीलक्स, एक्सप्रेस और स्लीपर बसें शामिल है। इलेक्ट्रिक बसों का टेंडर पहले ही निरस्त हो गया। अब बजट से ज्यादा बसों की खरीद का आंकलन करने पर 590 बसों की खरीद का टेंडर भी निरस्त हो गया। बसें नहीं आने से प्रदेश के चार लाख यात्री परेशान हो रहे हैं। रोडवेज जोधपुर डिपो ने गत वर्ष अगस्त में 50 नई बसों के लिए प्रस्ताव भेजा था। वर्तमान में करीब 110 बसें है।