
demo pic
Jodhpur Police Action: पिंकसिटी जयपुर के बाद अब ब्लू सिटी जोधपुर से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। जोधपुर पुलिस कमिश्नर ने बड़ा एक्शन लेते हुए करीब तीन हजार पांच सौ किलो से भी ज्यादा विस्फोटक बरामद किया है। उदयमंदिर थाना पुलिस ने विस्फोटक सामग्री की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने एक गोपनीय सूचना के आधार पर छापा मारकर 70 बोरे अमोनियम नाइट्रेट, 760 किलो पटाखे और अन्य सामग्री समेत करीब 3500 किलो विस्फोटक जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने यासीन अंसारी नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक का क्या करने वाला था।
यह बरामदगी कल रात उस वक्त हुई जब पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में एक बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामान छुपाकर रखा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि एक गोदाम में विस्फोटक सामग्री भरी हुई थी, जिसे बिना किसी अनुमति के रखा गया था। पुलिस फिलहाल यह जानने की कोशिश कर रही है कि इन विस्फोटकों का उपयोग कहां और किस उद्देश्य से होना था।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले तीन दिन पहले जयपुर के बस्सी इलाके में भी 2000 किलो से ज्यादा विस्फोटक एक वाहन से बरामद हुआ था, जहां आरोपी मौके से फरार हो गया था। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि दोनों घटनाओं के तार एक.दूसरे से जुड़े हो सकते हैं। हांलाकि जयपुर पुलिस और जोधपुर पुलिस अलग-अलग केस की जांच कर रही है। जयपुर पुलिस ने तो विस्फोटक जांच के लिए स्पेशल एजेंसी को भी बुलाया है।
जोधपुर पुलिस कमिश्नर राजेन्द्र सिंह ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि शहर की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को एटीएस और विशेष शाखा को सौंपा जा सकता है। मालूम हो कि वर्तमान में भारत-पाकिस्तान के बीच चल रही टेंशन के दौरान पूरे प्रदेश में पुलिस बेहद अलर्ट है। खासतौर पर जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर समेत बॉर्डर जिलों पर तो बेहद ही सख्ती है। आने वाले दिनों में पुलिस की जांच से और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
Updated on:
15 May 2025, 7:46 AM IST
Published on:
15 May 2025, 7:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.