
जोधपुर। मारवाड़ के कुछ हिस्सों में गुरुवार को हल्की बारिश हुई। जोधपुर में शाम को असमान बरसात हुई। महामंदिर और मंडोर क्षेत्र में झमाझम मेघ बरसे। यहां बीस मिनट तक तेज बारिश से बाळा आ गया।सिंचाई विभाग ने 11 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की। उधर शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड, एयरफोर्स, बासनी क्षेत्र को मामूली बारिश से ही संतोष करना पड़ा।
मौसम विभाग ने यहां केवल 0.6 मिलीमीटर बारिश मापी। मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र वर्तमान में मध्यप्रदेश के उत्तरी भागों के ऊपर बना हुआ है। इसके असर से आगामी दो-तीन दिन पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कहीं-कहीं भारी व अति भारी बारिश की आशंका है। पश्चिमी राजस्थान में 30 जून व 1 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश व एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना बरकरार है। दो दिन बाद 2-3 जुलाई से कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होने से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।
यह भी पढ़ें- पत्नी को नोटिस में तीन बार तलाक-तलाक लिख तलाक दिया
दिनभर उमस से परेशान रहे लोग
जोधपुर में गुरुवार सुबह से उमस भरा मौसम रहा। न्यूनतम तापमान 26.2 और अधिकतम 35.8 डिग्री रहा। दिन भर 80 से लेकर 90 प्रतिशत तक नमी होने से उमस व्याप्त रही। दोपहर 12 बजे के बाद उमस से लोग बेहाल हो गए। शरीर पसीना-पसीना हो रहा था। केवल एसी में ही कुछ राहत महसूस हो रही थी। अपराह्न चार बजे मौसम में बदलाव शुरू हुआ। काली घटाएं घिर आई और तेज हवा के साथ मेघ बरसे लेकिन बरसात का स्तर असमान रहा। झमाझम की आस लगाए बैठे लोगों को निराश हाथ लगी। मानसून आने के बाद अभी भी शहर को एक तेज बारिश का इंतजार है। प्रदेश में पूरी तरीके से मानसूनी जलवायु सक्रिय है। तापमान में उतार चढ़ाव जारी है। गुरुवार को प्रदेश में केवल जैसलमेर में ही दिन का पारा 40 डिग्री मापा गया। इससे वहां भयंकर उमस भरा मौसम रहा। फलोदी में पारा 38.6 और बाड़मेर में 36.6 डिग्री रहा।
Published on:
30 Jun 2023 10:20 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
