
दुर्घटनाग्रस्थ ट्रेलर और रोडवेज बस (फोटो-पत्रिका)
Bus-Trailer Accident: राजस्थान के जोधपुर के करवड़ थानान्तर्गत नागौर हाईवे पर गंगाराम की प्याऊ के पास मंगलवार को तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक एक ट्रेलर गलत साइड जाकर रोडवेज बस से भिड़ गया, जिसमें ट्रेलर के खलासी की मौत हो गई। पांच महिलाओं सहित नौ अन्य घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जाती है।
पुलिस के अनुसार यात्रियों से भरी रोडवेज की बस सुबह नागौर से जोधपुर आ रही थी। गंगाराम की प्याऊ के पास पहुंचने पर सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार ट्रेलर आया और बस से भिड़ गया। बस व ट्रेलर के आगे का हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। बस में सवार यात्रियों में कोहराम मच गया। सभी चीखने चिल्लाने लगे। वहां से निकल रहे वाहन चालक व आस-पास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंची।
काफी प्रयास के बाद घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस व अन्य साधनों से मथुरादास माथुर अस्पताल भेजा गया। हेड कांस्टेबल पुरखाराम ने बताया कि इलाज के दौरान हरियाणा निवासी ट्रेलर चालक विरेन्द्र 44 पुत्र चन्द्रभान जाट की मृत्यु हो गई। परिजन को सूचित कर शव मोर्चरी में रखा गया है। उधर, ट्रेलर चालक हादसे के बाद फरार हो गया।
हादसे में नागौर जिले की मूण्डवा तहसील में धुनधयाड़ी निवासी जितेन्द्र राजपुरोहित, कजनाऊ कला निवासी किस्तूरराम जाट, नागौर निवासी इश्तियाक अहमद व उसकी पत्नी यास्मीन, पालड़ी राणावता निवासी जनूदेवी, बावड़ी निवासी प्रियंका प्रजापत व सुमन प्रजापत, भोपालगढ़ थानान्तर्गत टोडियाना निवासी भंवरलाल सैन व उनकी पत्नी पप्पूदेवी घायल हो गए। सभी को यहां एमडीएम अस्पताल लाया। प्राथमिक उपचार के बाद मामूली चोटिल को घर भेज दिया गया। जितेन्द्र व किस्तूरराम की हालत गंभीर बताई जाती है।
यह वीडियो भी देखें
हादसे में बस व ट्रेलर के आगे के हिस्से चकनाचूर हो गए। ट्रेलर चालक विजेन्द्र और बस में एक व्यक्ति फंस गया। आस-पास के लोगों ने इन्हें बाहर निकालने के काफी प्रयास किए। आखिरकार हाइड्रा क्रेन की मदद से केबिन खींचकर दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। विजेन्द्र की जान नहीं बच पाई। पुलिस का कहना है कि गंगाराम प्याऊ के पास रोड के बीच कट काफी दूरी पर हैं। ऐसे में ट्रेलर चालक डीजल बचाने के लिए गलत दिशा में दौड़ रहा था।
Updated on:
20 May 2025, 8:33 PM IST
Published on:
20 May 2025, 3:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.