
जोधपुर। राजस्थान में मानसून की बेरुखी से एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है। इस बीच मौसम विभाग का कहना है कि आज बंगाल की खाड़ी, उड़ीसा-आंध्रप्रदेश तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके आगामी 24 घंटों में छत्तीसगढ़ की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। ऐसे में दोपहर बाद भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में वहीं 6 सितंबर को कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर व उदयपुर संभाग के जिलों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर व अजमेर संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियां 7-8 सितंबर को जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर व जोधपुर संभाग में आगामी दो-तीन दिन अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा 7-8-9 सितंबर को छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के सरहदी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा, जबकि पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
वहीं मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिन उत्तर प्रायद्वीपीय भारत, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पांच से सात सितंबर तक ओडिशा और अंडमान निकोबार में तेज हवा के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका है।
Published on:
5 Sep 2023, 1:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.