दरअसल, पिछले चुनाव में यूपी की अस्सी में 73 सीटों पर परचम लहराने वाली भाजपा को सपा-बसपा के संभावित गठबंधन ने परेशान कर दिया है। गोरखपुर जैसा किला ढह गया, जबकि फूलपुर और कैराना में तमाम मशक्कत के बावजूद जीत नहीं नसीब हुई। ऐसे में भाजपा ने चुनावों में पचास प्रतिशत से ज्यादा मत हासिल करने का इरादा बनाया है। इसी नाते बीते दिनों एक सर्वे के जरिए स्थानीय जनता से उनके सांसदों के बारे में रायशुमारी कराई गई थी। इस सर्वे में 35 ऐसे सांसदों के नाम सामने आए थे, जिन्हें सत्तर प्रतिशत लोग दोबारा अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के रूप में देखना नहीं चाहते हैं। मुरली मनोहर जोशी को कानपुर की जनता ने 90 फीसदी से ज्यादा वोटों से नकार दिया है। इसी सर्वे के आधार पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मिर्जापुर और आगरा में पूर्णकालिक कार्यकर्ता विस्तारकों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, क्षेत्रीय संगठन मंत्रियों, प्रदेश महामंत्रियों, क्षेत्रीय प्रभारियों और लोकसभा प्रभारियों से चर्चा के बाद फैसला किया है कि 28 सांसदों को दोबारा टिकट नहीं दिया जाएगा।