
जिले की राजनीति का गढ़ है ये नगर पालिका, जहां पर्वों पर भी चढ़ने लगा चुनावी रंग
अरविन्द वर्मा
कानपुर देहात. नगर निकाय चुनाव को लेकर जितनी बेचैनी सभासद दावेदारों को थी, उतनी बेताबी आरक्षण सूची जारी होने के बाद बढ़ गई है। परिसीमन सूची जारी होते ही कहीं लोगों के अरमानो पर पानी फिरा तो कहीं नए दावेदारों ने ताना बाना बुनना शुरू कर दिया है। जिले की दो नगर पालिका व 7 नगर पंचायतों के 135 वार्डों मे चुनाव होना है, जिसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद में पुखरायां व झींझक नगर पालिका हैं, जिसमें सपा शासनकाल में झींझक ने 2016 में नगर पंचायत से नगर पालिका परिषद का दर्जा प्राप्त किया था। नगर पालिका बनते ही झींझक में नगर पालिका अध्यक्ष व वार्ड सभासदों के चुनाव के लिये लोग तैयारियों में जुट चुके थे। सभी वर्गों के लोग चुनाव लड़ने की फिराक में लोगों से जन सम्पर्क करने में मशगूल हो गये थे। लेकिन वार्डों की अनंतिम आरक्षण सूची जारी होते ही 25 वार्डों के दावेदारो में खलबली मच गई है। जिससे कुछ नए चेहरे भी सामने आए हैं। नई नगर पालिका के साथ नए मुद्दे भी सामने आ रहे हैं।
नये परिसीमन ने दिया सभी को मौका
शासन की तरफ से जिले की निकायों के वार्डों की आरक्षण सूची जारी होने पर चुनावी शंखनाद बज गया। इसमें सभी 135 वार्डों में अनुसूचित जाति के लिये 24 सीटें आरक्षित की गई हैं, इसमें से 11 सीटें अनुसूचित महिलाओं के लिये आरक्षित हैं। इसी तरह पिछड़ा वर्ग के लिये 31 वार्ड आरक्षित होंगे, इसमें से 12 वार्ड पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिये आरक्षित रहेंगे। वहीं महिलाओं के लिये कुल मिलाकर 27 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त कुल 53 वार्ड जिले में अनारक्षित (सामान्य) हैं। शासन की ओर से परिसीमन पर आपत्तियां मांगी गई हैं। फिलहाल अभी तक कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गयी है।
आरक्षण को लेकर किसी की डूबी लुटिया तो किसी के हाथ पतवार
जिले में पुखरायां व झींझक नगर पालिका सहित अकबरपुर, अमरौधा, रूरा, शिवली, रसूलाबाद, डेरापुर व सिकन्दरा आदि 7 नगर पंचायत भी हैं। जिसमें अनुसूचित के 24 व पिछडा वर्ग के लिये 31 वार्ड आरक्षित हैं। शेष पर अनारक्षित होने के चलते घमासान की स्थिति नजर आ रही है। वहीं झींझक नगर पालिका बनने पर अब 15 वार्ड की बजाए 25 वार्ड बनाये गए हैं, जिसमें 5 अनुसूचित सहित अनुसूचित महिला, 6 पिछडा वर्ग सहित पिछडा वर्ग महिला, 5 महिला सहित 6 सीटें अनारक्षित की गयी हैं। नए परिसीमन के जारी होने से पूर्व में गांधी नगर, दुर्गेश नगर, सुभाष नगर, अम्बेडकर नगर, भोला नगर, द्वारिका गंज आदि वार्डों के सभासदों के अरमानों पर पानी सा फिर गया है। वहीं नए चेहरे भी सामने आ गए हैं।
नगर पालिका बनने से बने 10 नये वार्ड
1916 में गठित जनपद की सबसे पुरानी झींझक नगर पंचायत में पहले गांधी नगर, श्रीनगर, दुर्गेश नगर, नेहरू नगर, सम्राट अशोक नगर, सुभाष नगर, अम्बेडकर नगर, शंकरगंज, बुद्ध नगर, भोला नगर, द्वारिकागंज, इंदिरा नगर, विकास नगर, ओम नगर व आजाद नगर आदि 15 वार्ड थे, लेकिन 2016 में नगर पालिका बनने पर अब वर्तमान में लोहिया नगर, अब्दुल कलाम नगर, भगत सिंह नगर, पटेल नगर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, रानी लक्ष्मीबाई नगर, मालवीय नगर, तात्या टोपे नगर, मंगल पांडे नगर व आदर्श नगर 10 वार्ड नये जुड़ने से करीब 55 नये चेहरों ने भी ताल ठोंक दी है।
झींझक नगर पालिका के मंगल पांडे नगर में महिला सीट होने पर सभासद पद के लिये दावेदारी ठोंक रहे गोलू राजावत से जब पत्रिका संवाददाता ने बातचीत की तो उन्होंने कहा कि महिला सीट होने पर उनका चुनाव लड़ना सम्भव नहीं है, लेकिन वार्ड की विभिन्न समस्याओं का निराकरण करने के लिये किसी न किसी को आगे आना होगा। इसलिये माता जी को चुनाव लडाएंगे और घर-घर जाकर लोगों से अपील करेंगे और अगर मतदाताओं का आशिर्वाद रहा तो समस्याओं के लिये जगह-जगह शिकायत पेटिका रखवाकर नई पहल शुरू करेंगे।
Updated on:
09 Oct 2017 11:49 am
Published on:
09 Oct 2017 07:36 am
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
