
पीएम आवास के लिए अब नहीं खाने पड़ेंगे धक्के, घर बैठे करिए आवेदन
कानपुर। अब प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए लोगों को भीड़ में धक्के नहीं खाने होंगे. इसके लिए वह घर बैठे मोबाइल और कंप्यूटर के जरिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. मंगलवार को खादी एवं ग्रामोद्योग व लुघ एवं सूक्ष्म उद्यम मंत्री सत्यदेव पचौरी ने केडीए में इस सुविधा का शुभारंभ किया. केडीए के अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सत्यदेव पचौरी ने कहा कि सभी को 2022 तक पीएम आवास दे दिए जाएं. पहले आवेदन की तारीख 31 अगस्त तक थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 15 सितंबर तक कर दिया गया है.
ऐसा बताया अधिकारी ने
केडीए वीसी सौम्या अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन देते हुए बताया कि केडीए की वेबसाइट (केडीएइंडिया.सीओ.इन) पर क्लिक कर दिए गए पीएम आवास के लिंक पर क्लिक कर फॉर्म डाउनलोड कर ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं. इसमें 160 रुपए का फॉर्म भी नहीं खरीदना पड़ेगा. 5,000 रुपये फीस भी ऑनलाइन जमा की जा सकेगी.
ऐसे कर सकते हैं चेक
सूडा के तहत चयनित 68,000 लोग मोबाइल और आधार नंबर के जरिए लिस्ट में अपना नाम भी चेक कर सकते हैं. लिस्ट में नाम होने के बाद ही पीएम आवास के लिए आवेदन करें. केडीए सचिव केपी सिंह, विधायक नीलिमा कटियार, एमएलसी अरुण पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोग
केडीए सभागार में एक तरफ जहां ऑनलाइन सुविधा का शुभारंभ किया जा रहा था, वहीं कार्यक्रम स्थल के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग लाइन में लगकर पीएम आवास के लिए आवेदन कर रहे थे.
बिनगवां में शुरू हो गई तैयारी
वहीं याद दिलाते चलें कि बिनगवां के टीकापुर में भूप्रयोग का मामला सुलझ गया है. इससे टीकापुर में पीएमएवाई फ्लैट बनने का रास्ता साफ हो गया. अब केडीए ने टीकापुर में 3 से 4 हजार पीएमएवाई फ्लैट बनाने की तैयारी कर ली है. इसके लिए लेआउट और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाई जा रही है. तो अब आप भी हो जाइए तैयार और कर लीजिए तैयारी. हो सकता है कि इन फ्लैट्स में आपके फ्लैट का भी नंबर हो.
Published on:
30 Aug 2018 01:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
