
एनसीआर जोन में रेलवे अधिकारियों ने जारी किया मानसून हाई अलर्ट
कानपुर। यूपी में लगातार हो रही भारी बरसात के बाद रेलवे ने एनसीआर जोन में रेलवे ट्रैक मेंटीनेंस डिपार्टमेंट को मानसून अलर्ट जारी कर दिया है. इसके तहत रात में ग्रामीण इलाकों व शहर के आउटर क्षेत्रों में ट्रैकों पर गैंगमैन की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है. इसके साथ ही एनसीआर जीएम ने इलाहाबाद समेत सभी मंडल के अधिकारियों को ट्रैक किनारे जलभराव होने वाले स्थानों पर विशेष नजर रखने के लिए कहा. साथ ही साथ जलभराव की समस्या खत्म करने के लिए मोटर पंप लगाने का आदेश दिया है. ताकि ट्रैक को कोई नुकसान न हो.
ऐसा बताया सीपीआरओ ने
एनसीआर सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल ने बताया कि मानसून अलर्ट जारी करने के बाद अधिकारियों को रेलवे ट्रैक में बने नए लिमिटेड हाइट सब-वे पर एक गैंगमैन को चौबीस घंटे तैनात रखने का आदेश दिया है. जिससे वहां के हालात पर हर पल नजर रखी जा सके. उन्होंने बताया कि नए बने सब-वे पर मिट्टी धंसने की आशंका ज्यादा रहती है. जिसके चलते गैंगमैन की तैनाती की गई है.
जीपीएस चिप से होगी निगरानी
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर रात में पेट्रोलिंग करने वाले गैंगमैनों को जीपीएस चिप से लैस किया गया है, जिनके माध्यम से पीडब्ल्यूआई उन पर नजर रख सकता है. यह जीपीएस गैंगमैन को ड्यूटी के दौरान दिया जाता है.
बाधित हो गया था रूट
एनसीआर जोन अधिकारियों के मुताबिक कानपुर-झांसी रूट में पुखराया के आगे एक सप्ताह पूर्व सब-वे की मिट्टी धंसने से रूट बाधित हो गया था. ट्रैक की पेट्रोलिंग में लगे गैंगमैन की सतर्कता की वजह से वहां ट्रेन हादसा होने से बच गया था. गैंगमैन ने ट्रैक की मिट्टी धंसने की जानकारी कंट्रोल रूम को देकर ट्रेनों के आवागमन को रोक दिया था.
बनाए गए सब-वे
एनसीआर सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल ने बताया कि पूरे एनसीआर जोन में 70 से अधिक मानव रहित क्रासिंग को बंद कर वहां पर सब-वे बना दिया गया है. वहीं कुछ स्थानों में सब-वे बनाने का काम चल रहा है. उन्होंने बताया कि गाजियाबाद से मुगलसराय के बीच में कुल 22 मानव रहित क्रासिंग थीं. जिनमें से 18 मानव रहित क्रासिंग को बंद कर वहां सब-वे बनवा दिया गया है. इस वर्ष बने सब-वे पर ऐसे मौसम में खास नजर रखी जा रही है.
ऐसा कहना है अधिकारी का
एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल ने बताया कि एक सप्ताह से एनसीआर जोन में हो रही भारी बरसात की वजह से रेलवे ट्रैक मेंटीनेंस डिपार्टमेंट को मानसून हाई अलर्ट कर दिया गया है. मानसून में ट्रेन हादसों को रोकने व यात्रियों का सफर सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे अधिकारियों ने पूरी तैयारी कर ली है.
Published on:
04 Aug 2018 12:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
