
Rajasthan Monsoon Weather Update: राजस्थान में अगले कुछ दिन मानसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आज भी उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर परिसंचरण तंत्र अवस्थित है तथा सतह से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तृत है। मानसून ट्रफ लाइन आज बीकानेर से होकर गुजर रही है।
मौसम केंद्र के लेटेस्ट पूर्वानुमान के अनुसार उक्त तंत्र के प्रभाव से 14 और 15 अगस्त को भरतपुर, जयपुर, अजमेर व कोटा संभाग के कुछ भागों में भारी व कहीं अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 17 अगस्त के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर व जोधपुर संभाग में आगामी 3-4 दिन कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। उदयपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी दिनों में हल्के से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में राजस्थान के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर थोड़ा धीमा पड़ा। अलवर के मुंडावर में सबसे अधिक 92, करौली के सुरौठ 65, पाली के रायपुर 50, दौसा के लालसोट में 57, महवा में 36 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, दौसा, झुंझुनूं, सीकर, टोंक, धौलपुर, भरतपुर, जिले में अब तक सामान्य से दोगुना ज्यादा बारिश हो चुकी है।
मौसम विभाग ने 15 अगस्त को अलवर, अजमेर, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, टोंक, सवाईमाधोपुर, सीकर, चूरू, जोधपर, नागौर, श्रीगंगानगर और पाली में भारी बारिश होने की प्रबल संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने 16 अगस्त को अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, जयपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, जोधपुर, नागोर और पाली में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान में 17 अगस्त अजमेर, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और पाली में भारी बारिश होने के आसार जताए हैं।
Updated on:
14 Aug 2024, 4:07 PM IST
Published on:
14 Aug 2024, 3:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.