बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झरेला के समीप अज्ञात ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन को चलाते हुए युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई है। घायल युवक के अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस पर सूचना दी। बताया जा रहा है वाहन देरी से पहुंचा। सूचना पर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। जानकारी के अनुसार बृजेश यादव पिता रामकुमार यादव (20) निवासी छपरवाह थाना बड़वारा इलाज कराने के लिए गया हुआ था। वह रविवार सुबह जब विलायतकला से छपरवाह जा रहा था, तभी झरेला रोड पर हादसा हो गया। अज्ञात ट्रक चालक ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों की सूचना देने के बाद एंबुलेंस व पुलिस देरी से पहुंची। ग्रामीण व परिजन परेशान होते रहे। थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराते हुए मर्ग प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।