कटनी. शहर व जिले में ठगी, लूट, चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मौका मिलते ही बदमाश घरों के ताले चटका रहे हैं। एकबार फिर उमरियापान थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी घटना सामने आई हैं। माता-पिता ने मेहनत करके बेटी के विवाह के लिए गहने व रुपए संजोये थे, जिनको बदमाशों ने घर का ताला चटकाकर पार कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्राम महनेर निवासी हरभजन काछी पिता रामगोपाल काछी (70) के यहां अज्ञात बदमाश ने चोरी की है। सोमवार की रात परिवार गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए चला गया था, तभी घात लगाए बदमाशों ने घर का ताला तोड़ा और आलमारी आदि में रखे सोने-चांदी के लगभग 4 लाख रुपए कीमती जेवरात व 3.50 लाख रुपए नकद पार कर दिए हैं।