
Kawardha News: गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर उपपुलिस अधीक्षक(डीएसपी) अंजू कुमारी और थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा को उनके साहस, उत्कृष्ट नेतृत्व और नक्सल उन्मूलन अभियान में उनके असाधारण योगदान के लिए देश के सर्वोच्च पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया।
कवर्धा नवपदस्थ डीएसपी अंजू कुमारी ने पूर्व में नक्सल मोर्चे पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देश की पुलिस सेवा में एक नई मिसाल कायम की है। वे नक्सल मोर्चे पर शामिल होने वाली पहली महिला राजपत्रित अधिकारी हैं जिन्हें वीरता पदक से सम्मानित किया गया है।
उनकी यह उपलब्धि न केवल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है बल्कि पुलिस सेवा में महिलाओं की शक्ति और साहस को भी उजागर करती है। उनकी विशेष तैनाती के दौरान दंतेवाड़ा जिले के थाना अरनपुर क्षेत्र के ग्राम नहाड़ी में नक्सलियों के खिलाफ एक निर्णायक मुठभेड़ में उन्होंने बेहतरीन नेतृत्व का प्रदर्शन किया। इस अभियान में उनकी टीम ने दो कुख्यात महिला नक्सलियों को मार गिराया और बड़ी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री, अन्य नक्सली उपकरण बरामद किए।
वहीं कवर्धा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा ने भी बस्तर क्षेत्र में अपनी साहसिक कार्यवाहियों से नक्सल गतिविधियों को कमजोर किया और क्षेत्र में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 17-18 जून 2021 को दरभा क्षेत्र में उनके नेतृत्व में नक्सल गश्त के दौरान हुई मुठभेड़ में उनकी टीम ने एक महिला नक्सली को मार गिराया और एक के-47 राइफ ल सहित कई अन्य हथियार बरामद किए। उनकी निडरता और समर्पण से नक्सलवाद को कमजोर किया गया और क्षेत्र में सुरक्षा बहाल हुई।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने दोनों अधिकारियों की बहादुरी, समर्पण को सराहा और उन्हें वीरता पदक मिलने पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों की निडरता और कठिन परिस्थितियों में उनके द्वारा किए गए असाधारण कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। साथ ही समस्त कबीरधाम पुलिस बल ने इन अधिकारियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और उनकी वीरता को सलाम किया।
Published on:
27 Jan 2025 07:36 am
बड़ी खबरें
View Allकवर्धा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
