
-चार स्थानों पर 20 दुकानें सीलिंग की कार्रवाई, वाहन भी किए जब्त-दो बकायादारों पर की कुर्की की कार्रवाई, तीसरे ने राशि जमाकर छुड़ाया वाहन
खंडवा. डायवर्सन शुल्क वसूली को लेकर हरसूद में प्रशासन ने सख्त रूख अपना लिया है। शुक्रवार को एसडीएम हरसूद एवं तहसीलदार ने परिवर्तित भू राजस्व जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के यहां सीलिंग एवं कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान बकायादार प्रशासन के सामने कुर्की व जब्ती न करने की गुहार लगाते नजर आए। प्रशासन को हरसूद में 56 दुकानदारों से 1.46 करोड़ रुपए का डायवर्सन शुल्क वसूल करना है। जिसके चलते शुक्रवारको कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पहले दिन प्रशासन ने चार स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 20 दुकानें सील कर 10 लाख से अधिक वसूल किए।
सुबह करीब साढ़े 10 बजे एसडीएम डॉ. परीक्षित झाड़े एवं तहसीलदार स्वाति मिश्रा, पटवारियों एवं पुलिस बल के साथ बड़े बकायादारों के यहां पहुंचे। प्रशासन द्वारा सबसे पहले कटारे फर्निचर मार्ट के कलीराम कालू की दो दुकानों को सील किया। उसके बाद अजय मांडले के कॉम्प्लेक्स की 14 दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। सुभाष हुकुमचंद दशोरे की किराना दुकान एवं जगदीश मिश्रीलाल जायसवाल की 4 दुकानों को परिवर्तित भू-राजस्व राशि जमा नहीं करने पर सील किया गया। इसके अलावा शंकरलाल जागेश्वर के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करते हुए टै्रक्टर-ट्रॉली एवं श्रीकृष्णा डेयरी के दिनेश लक्ष्मण की मोटर सायकल जब्त की गई। बड़े बकायादारों पर कुर्की की कार्रवाई में अभिषेक मांडले की कार भी जब्त कर ली गई थी, किन्तु उसने मौके पर ही राशि जमा कर दी इसलिए उसकी कार उन्हें वापस कर दी गई।
10 लाख 24 हजार की वसूली की
शुक्रवार को एसडीएम एवं तहसीलदार द्वारा परिवर्तित भू राजस्व वसूली के लिए 56 में से 20 बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान 7 बकायादारों से 4 लाख 46 हजार 446 रुपए की नकदी वसूली गई। वहीं 4 बकायादारों से 5 लाख 78 हजार 379 रुपए की राशि के चेक प्राप्त हुए। तुलसीराम ने 25 हजार रुपए, नंदकिशोर रामलाल ने 8 हजार, अभिषेक मांडले ने 73322, अभिषेक मांडले ने 2 लाख 89 हजार 914, सुनंदा मांडले ने 10 हजार, अनिल मांडले ने 40020 एवं नंदकिशोर श्रीराम ने 190 रुपए जमा किए। प्रभादेवी प्रीतमदास अग्रवाल एवं आशीष प्रीतमदास के परिवर्तित लगान की राशि 61880 एवं 72504 चेक के रूप में प्राप्त हुई। दीपक मांडले ने 257062 रुपए एवं सौरभ राजपूत ने 186933 रूपए की राशि का चेक दिया।
किरायेदारों की हुई फजीहत
मांडले कॉम्प्लेक्स एवं जगदीश जायसवाल की दुकानें सीलिंग की कार्रवाई में सबसे ज्यादा फजीहत इनमें अपना व्यापार करने वाले किरायेदारों की हुई। दुकानें सील होने के कारण शुक्रवार को उनका व्यापार पूरी तरह ठप रहा, क्योंकि दुकानदारों का पूरा सामान दुकानों के अंदर है और प्रशासन द्वारा स्वयं का ताला ठोंककर दुकानें सील कर दी गई है। शुक्रवार एसडीएम डॉ. परीक्षित झाड़े एवं तहसीलदार स्वाति मिश्रा द्वारा सुबह करीब साढ़े 10 बजे से शाम 4 बजे तक बकायादारों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान पटवारी अजय मंडरई, बसंत दांगोरे एवं अन्य पटवारी व पुलिस जवान भी मौजूद थे।
जारी रहेगी कार्रवाई
डायवर्सन शुल्क वसूली अभियान सतत जारी रहेगा। जब तक सारी वसूली नहीं हो जाती बकायादारों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
डॉ. परीक्षित झाड़े, एसडीएम हरसूद
20 बकायादारों की बनाई थी सूची
शुक्रवार को 20 बड़े बकायादारों की सूची तैयार की गई थी। जिनमें 13-14 बकायादारों के यहां पहुंचकर कार्रवाई की गई। शेष बकायादारों पर भी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
स्वाति मिश्रा, तहसीलदार हरसूद
Published on:
29 Feb 2020 06:15 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
