8 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दादाजी मंदिर निर्माण… एक बार फिर होगा खंडवा में मंदिर के स्ट्रक्चर डिजाइन में आंशिक फेरबदल

-गुरु पूर्णिमा से रुका फाउंडेशन का काम दो-तीन दिन में दोबारा शुरू होगा -अपर कलेक्टर के नेतृत्व में टीम करेगी मकराना का दौरा, मंदिरों का निरीक्षण
2 min read
Google source verification

खंडवा

•

image

Manish Arora

•

Oct 08, 2026

Dadji Temple Khandwa

खंडवा. बैठक में मंदिर निर्माण को लेकर चर्चा करते सांसद, कलेक्टर व समिति सदस्य।

दादाजी मंदिर निर्माण समिति की बैठक बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील की अध्यक्षता में हुई। करीब दो घंटे चली बैठक में गुरु पूर्णिमा के बाद से रुके मंदिर के फाउंडेशन कार्य को दो-चार दिन में दोबारा शुरू करने पर सहमति बनी। मंदिर निर्माण के सेकेंड फेज के फाउंडेशन के लिए टेंडर ड्राफ्ट तैयार करने का जिम्मा प्रतीक गुप्ता को दिया गया है। वहीं मंदिर की मूल स्ट्रक्चर डिजाइन में आवश्यक बदलावों के लिए आर्किटेक्ट वीरेंद्र त्रिवेदी को भी एक सप्ताह का समय दिया गया है।

टीम दोबारा मकराना जाएगी निरीक्षण करने

श्री दादाजी मंदिर निर्माण समिति की बैठक में निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक मुद्दों के समाधान के लिए समय-सीमा भी तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि चार चयनित वेंडरों द्वारा किए गए मंदिर निर्माण संबंधी कार्यों और उनके प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने के लिए पांच सदस्यीय टीम विभिन्न शहरों का दौरा करेगी। एडीएम एवं अपर कलेक्टर श्रद्धा शुक्ला के नेतृत्व में यह टीम चार-पांच दिनों में संबंधित स्थानों पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करेगी। टीम में रोचक नागौरी, भारत झवर, सतीश कोटवाले, शांतनु दीक्षित और हिमांशु अग्रवाल शामिल रहेंगे।

ब्रॉन्ज रॉड के लिए अच्छे सप्लायर की तलाश

फाउंडेशन और मार्बल के पिलर के बीच लगने वाली ब्रॉन्ज धातु की रॉड के लिए भी बैठक में चर्चा हुई। बताया गया कि प्रथम फेज में इसकी लागत करीब 8 लाख रुपए और पूरे प्रोजेक्ट में लगभग 50 लाख रुपए तक आने का अनुमान है। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने वाले अच्छे सप्लायर की तलाश कर समय-सीमा में चयन करने का निर्णय लिया गया।

चारों वेंडरों से इसी महीने होगी फाइनल बातचीत

मंदिर निर्माण के लिए चयनित चार वेंडरों को अलग-अलग तारीखों पर इसी महीने खंडवा बुलाकर उनके साथ अंतिम चर्चा करने का निर्णय भी लिया गया। तकनीकी और निर्माण संबंधी पहलुओं पर बातचीत के बाद वेंडर को अंतिम रूप दिया जाएगा।मंदिर निर्माण के लिए फंड जुटाने की दिशा में भी प्रयास शुरू करने पर सहमति बनी। इसके तहत मंदिर में लगने वाले कुल पिलरों की संख्या के आधार पर एक पिलर की लागत तय कर भक्तों को इसकी जानकारी देने पर विचार किया गया। इसके साथ ही एक पिलर के छोटे-छोटे हिस्सों की लागत निर्धारित कर भक्तों को सहयोग के लिए जोडऩे की योजना पर भी चर्चा हुई।

यह रहे बैठक में उपस्थित

बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, अपर कलेक्टर श्रद्धा शुक्ला, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, विधायक कंचन मुकेश तनवे, तपन डोंगरे, धर्मेंद्र बजाज, रोचक नागौरी, भारत झवर, सतीश कोटवाले, मदन भाऊ, गणेश कानडे, राकेश बंसल, हिमांशु अग्रवाल, हरीश कोटवाले और राजेंद्र तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं ऑनलाइन माध्यम से शांतनु दीक्षित, आर्किटेक्ट वीरेंद्र त्रिवेदी, नितिन श्रीमाली, प्रतीक गुप्ता एवं स्वामी विवेकानंद पुरी महाराज जुड़े।