खंडवा. चाल, चरित्र और चेहरा...। सत्ता और संगठन में तालमेल..। अनुशासन का राग और कार्यकर्ताओं के मामले में विश्व की सबसे बड़ी पार्टियों में खुद के शुमार होने का दंभ। भारतीय जनता पार्टी की कहानी कुछ एेसी ही है। लेकिन जिले में गिनती के चेहरों को ही पार्टी, मोर्चा या अन्य स्थानों पर पद या प्रभार सौंपे जाने के बाद कई कार्यकर्ताओं ने दबी जुबान तो कई ने मुखर होकर खुले मंच से आवाज उठाई है। पत्रिका ने पड़ताल की तो सामने आया कि भाजपा में पदाधिकारियों के पास दो से लेकर पांच पद या प्रभार हैं। जबकि आलाकमान के स्पष्ट निर्देश हैं कि कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाए और उन्हें सदैव आगे बढ़ाया जाए। अब कार्यकर्ताओं ने 'पट्ठावादÓ का मुद्दा उठाया तो भाजपाई आपस में उलझ गए थे। मतलब, विरोध अब खुलकर सामने आने लगा है।