9 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

खंडवा नई कृषि उपज मंडी में कपास की बंपर आवक, चार दिन में 1246 वाहन पहुंचे

खंडवा. दादाजी वार्ड स्थित नई कृषि उपज मंडी में इन दिनों कपास की बंपर आवक हो रही है। जिले में कपास की फसल अच्छी होने से किसान बड़ी मात्रा में उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। देर रात से ही किसान कपास से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर मंडी पहुंचना शुरू कर देते हैं, ताकि सुबह नीलामी के दौरान उनकी उपज की बोली लग सके। गुरुवार को मंडी परिसर में कपास से लदी 353 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पहुंचीं। इससे मंडी परिसर सुबह से ही कपास से पटा नजर आया।
less than 1 minute read
Google source verification
मंडी में टीन शेड़ में दोनों तरफ कपास से लदे वाहन

गुरुवार को कपास की नीलामी के दौरान व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर बोली लगाई। किसानों को उनकी उपज के लिए अच्छा भाव मिलने से मंडी में खरीदारी को लेकर भी उत्साह नजर आया। गुरुवार को कपास का उच्चतम भाव 8690 रुपए प्रति क्विंटल रहा, जबकि मॉडल भाव 8455 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। भाव को लेकर अब तक किसानों की ओर से किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आई है। इससे किसानों में भी संतोष का माहौल है।

चार दिन में 1246 वाहन पहुंचे

नई कृषि उपज मंडी में सोमवार से कपास की आवक में तेजी देखने को मिल रही है। महज चार दिनों में 1246 वाहन कपास लेकर मंडी पहुंच चुके हैं। रोजाना बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर पहुंच रहे हैं। मंडी में बढ़ती आवक को देखते हुए नीलामी और खरीदी की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। किसानों को अपनी उपज की बिक्री के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए मंडी में कपास की नीलामी की जा रही है।

अच्छी फसल से किसानों में उत्साह

जिले में इस वर्ष कपास की फसल अच्छी होने से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। उत्पादन बेहतर होने के साथ मंडी में मिल रहे भाव से भी किसान संतुष्ट नजर आ रहे हैं। कपास की बढ़ती आवक को देखते हुए आने वाले दिनों में मंडी में वाहनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। फिलहाल नई कृषि उपज मंडी कपास की आवक और खरीदी का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।