
खंडवा. बड़ाबम पर जेसीबी से पक्के अतिक्रमण तोड़े गए।
स्टेट हाईवे के रोड चौड़ीकरण को लेकर मंगलवार को प्रशासन का पंजा बड़ाबम से लेकर शिवाजी चौक तक चला। इस दौरान पांच जेसीबी की मदद से क्षेत्र के चिह्नित अतिक्रमण तोड़े गए। कार्रवाई सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर करीब 2 बजे तक चली। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। कार्रवाई को लेकर हिंदू संगठनों ने प्रशासन को सवालों के कटघरे में खड़ा किया। हिंदू जागरण मंच का कहना है कि इमलीपुरा में महज ओटले, नाली तोडकऱ कार्रवाई को पूर्ण मान लिया गया है।
मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, सीएसपी अभिनव बारंगे, डीएसपी हेडक्वाटर दुर्गेश आमो और निगमायुक्त प्रियंका राजावत के नेतृत्व में शुरू हुई। बड़ाबम पर कार्रवाई के दौरान पक्के स्थाई निर्माणों को भी गिराया गया। यहां वैशाली किराना को एक बार फिर अभय दान देते हुए स्वयं तोडऩे के निर्देश देकर अधिकारी आगे बढ़ गए। बड़ाबम से परदेशी पुरा तक कार्रवाई के दौरान जेसीबी का पंजा जमकर चला। यहां पक्के अतिक्रमणों को भी गिराया गया। इसके आगे इमलीपुरा पहुंचते ही मुहिम सिर्फ नाली और ओटलों तक सीमित रह गई।
इस मामले में हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक माधव झा ने कार्रवाई के दौरान पक्षपात किए जाने का आरोप लगाया है। माधव झा ने सोशल मीडिया पर भी इस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। माधव झा का कहना है कि हिंदू क्षेत्रों में किसी भी अतिक्रमण को नहीं छोड़ा गया। मुस्लिम क्षेत्र परदेशी पुरा, इमलीपुरा, हातमपुरा में सिर्फ नालियों को तोडऩे की कार्रवाई की गई। शिवाजी चौक पर भी हिंदू समाज के लोगों का अतिक्रमण मजबूती से गिराया गया। माधव झा ने मांग की कि कार्रवाई पूरी तरह से निष्पक्ष होना चाहिए, अन्यथा इस मामले में आंदोलन किया जाएगा।
अतिक्रमण मुहिम के दौरान बड़ाबम पर मंदिर का कुछ हिस्सा, इमलीपुरा में मस्जिद की दीवार और दो दरगाह भी है। प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान फिलहाल धार्मिक स्थलों को छोड़ दिया है। इस पर समाजजनों की सहमति बनाकर भविष्य में कार्रवाई प्रस्तावित है। अतिक्रमण मुहिम के चलते कई लोगों ने स्वयं ही अपने टीने शेड, अतिक्रमण तोड़े। कार्रवाई के दौरान प्रशासन, पीडब्ल्यूडी, राजस्व अमला, निगम की टीम और पुलिस की टीम में करीब 150 से ज्यादा लोग शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान करीब पांच से आठ फीट तक रोड खाली किया गया है।
आरोप लगाने वाले बड़ाबम से इमलीपुरा, शिवाजी चौक तक का निरीक्षण कर लें, जितना नजूल का अतिक्रमण था, सब तोड़ा गया है। धार्मिक स्थलों पर आगामी समय में कार्रवाई की जाएगी।
बजरंग बहादुर, सिटी मजिस्ट्रेट
Updated on:
14 Oct 2026 12:26 pm
Published on:
14 Oct 2026 12:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
