
मदनगंज-किशनगढ़.
रिटर्निंग अधिकारी महेशचंद मान ने राजनैतिक पाटियों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता और नियमों की जानकारियों से अवगत कराया।एसडीओ कार्यालय में हुई मीटिंग में रिटर्निंग अधिकारी महेशचंद मान ने बताया कि उम्मीदवारों को अपना पूरा बायोडेटा और मांगी गई समस्त जानकारियां फोम में भरनी होगी। पहले उम्मीदवारों की ओर से दिए जाने वाले एडिशनल एफिडेफिट के स्थान पर अब फोम संख्या 26 भर कर देना होगा। इसमें मांगी गई समस्त जानकारियों समेत यदि कोई आपराधिक मामला दर्ज है तो उससे संबंधित समस्त जानकारियां भी देनी होगी।
साथ ही आपराधिक मामलों की जानकारी देते हुए यह बताना होगा कि मामला पेंडिंग है या चालान पेश हुआ है या नहीं और मामले में दोषारोपण हो चुका है या नहीं समेत मामलें के प्रत्येक पहलू की जानकारी चुनाव आयोग को देनी होगी। यह सभी जानकारी उम्मीदवार को अपनी पार्टी को भी देनी होगी। इसके अतिरिक्त आदर्श आचार संहिता, चुनाव के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया, चुनाव प्रचार के तौर तरीकों और चुनाव प्रचार के लिए निर्वाचन कार्यालय से अनुमति लेना जरुरी होने की भी जानकारी दी गई। मीटिंग में रिटर्निंग अधिकारी महेशचंद मान, सहायक रिटर्निंग अधिकारी हेतराम विश्नोई समेत भाजपा के महामंत्री राजीव शर्मा, शहर मंडल अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा, कांग्रेस के प्रवक्ता वकील दीपक खटाणा एवं संगठन महामंत्री राधेश्याम वैष्णव उपस्थित रहे।