
Maize Purchase: स्थानीय माँ दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति मर्यादित, कोण्डागांव द्वारा ईथेनॉल निर्माण के लिए मक्का खरीदी प्रारंभ कर दी गई है। शुक्रवार को खरीदी के पहले दिन 148 क्विंटल मक्के की खरीदी की गई। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से प्राप्त आबंटन के आधार पर समिति को 25,000 क्विंटल मक्का की आवश्यकता है, जिसकी खरीदी संस्था के अंशधारी किसान सदस्यों से की जा रही है।
मक्का की खरीदी भारत सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिये घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य 2225 रुपये प्रति क्विंटल पर की जाएगी। इसके अतिरिक्त किसानों को प्रोत्साहन राशि के रूप में विकासखण्ड अनुसार अतिरिक्त भुगतान भी किया जाएगा। कोण्डागांव एवं माकड़ी के लिए 40 रुपय क्विंटल, फरसगांव 50 रुपये क्विंटल तथा केशकाल एवं बड़ेराजपुर के किसानों को 60 रुपये क्विंटल अतिरिक्त दिया जाएगा।
यह सुनिश्चित करने के लिये कि,सभी अंशधारी किसानों को समान अवसर मिले, प्रति एकड़ अधिकतम 10 क्विंटल मक्का ही खरीदी जा रही है। मक्का की खरीदी सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक ग्राम कोकोड़ी स्थित ईथेनॉल प्लांट में की जा रही है। मक्का विक्रय के लिए टोकन वितरण 19 जून 2025 से प्रारंभ हो गया। टोकन वितरण सोमवार से शुक्रवार तक प्रात: 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जा रहा है।
जिले के पाँचों विकासखण्डों में चिन्हित 2-2 आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों (लैम्प्स) से टोकन वितरित किए जाएंगे। टोकन वितरण केंद्र कोण्डागांव, दहीकोंगा,माकड़ी, अमरावती, फरसगांव, बड़ेडोगर, केशकाल, धनोरा, बड़ेराजपुर, सलनास्थित लैंप्स को बनाया गया है। टोकन प्राप्त करते समय किसानों को निम्न दस्तावेजों की छायाप्रति प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है, जिसमें ऋण पुस्तिका, शेयर सर्टिफिकेट या शेयर क्रय की रसीद, आधार कार्ड, बैंक पासबुक। टोकन में किसान को मक्का विक्रय की तिथि एवं मात्रा की स्पष्ट जानकारी दी जाएगी। मक्का की खरीदी केवल निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार ही की जाएगी।
Maize Purchase: खरीदी के लिए मक्का को ‘औसत अच्छी किस्म’ ( FAO ग्रेड) की श्रेणी में आना आवश्यक है, जिसके अंतर्गत न्यूनतम स्टार्च मात्रा 58 प्रतिशत, अधिकतम नमी 14 प्रतिशत, काला मक्का 1.3 प्रतिशत तक कोई कटौती नहीं; 3.5 प्रतिशत तक कटौती अनुसार; 5 प्रतिशत से अधिक स्वीकार्य नहीं, अन्य अशुद्धियाँ 0.5प्रतिशत तक अनुमत, टूटा हुआ मक्का 1 प्रतिशत तक अनुमत तक मापदंड निर्धारित किए गए हैं।
अप्रिय गंध या फफूंद या कीट युक्त मक्के की खरीदी नहीं की जा रही है। साथ ही यदि मक्का गुणवत्ता मानकों से भिन्न होता है, तो उसके अनुसार कटौती कर भुगतान किया जाएगा। मक्का का विक्रय 50 किलोग्राम के बारदानों में किया जा रहा है। किसानों को मक्का विक्रय की राशि का भुगतान उनके बैंक खातों में डिजिटल माध्यम से 07 कार्य दिवसों के भीतर किया जा रहा है।
Updated on:
22 Jun 2025 02:17 pm
Published on:
22 Jun 2025 02:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
