
मौत (Photo source- Patrika)
Korba News: विकासखंड कोरबा गांव कोरकोमा शिवनगर में बुधवार की रात मुर्गा भात खाने और शराब पीने के बाद पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। इसमें एक महिला भी शामिल है। जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मौत का कारण फूड प्वाइजनिंग बता रही है। जबकि परिवार और गांव में चर्चा है कि मृत्यु का कारण कच्ची शराब भी हो सकती है।
पुलिस घटना के कारण की जांच कर रही है। रजगामार चौकी अंतर्गत कोरकोमा के शिवनगर चौहान पारा में राजाराम चौहान (55 वर्ष) का परिवार रहता है। राजाराम के घर उसका दामाद जेल सिंह भी पहुंचा था। राजाराम बुधवार की शाम मुर्गा लेकर घर पहुंचा। परिवार ने मुर्गा भात बनाया। पड़ोसी राजमीन बाई (60 वर्ष) और अपने पुत्र राजकुमार (30 वर्ष) के साथ पहुंची थी। बुधवार की रात राजाराम, उसकी पत्नी चमेली बाई, दामाद जेल सिंह (35वर्ष) के अलावा पड़ोसी राजमीन और उसके पुत्र राजकुमार ने खाना खाया।
परिवार के अन्य सदस्यों ने भोजन किया। उसके बाद सभी सोने चले गए। इसके करीब एक घंटे बाद राजाराम, चमेली, जेलसिंह, राजमीन और राजकुमार की तबीयत खराब हो गई। उन्हों उल्टी होने लगी। देर रात पांच लोगाें को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। इसमें राजमीन बाई और जेल सिंह शामिल है। राजकुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि चमेली की हालत में सुधार हो रहा है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार सुबह पुलिस ने मर्ग कायम किया। इसकी जांच शुरू की। पुलिस की एक टीम कोरकोमा शिवनगर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से जांच के लिए कुछ नमूना को एकत्र किया है। इसमें भोजन भी शामिल है। हालांकि पुलिस का दावा है कि उसे घटनास्थल से शराब पीने या रखने से संबंधित कुछ साक्ष्य नहीं मिला है। लेकिन मामले की जांच की जा रही है।
दोनों ग्रामीणों की मौत कैसे हुई? यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। अभी रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट में ही मौत के सही कारण सामने आएंगे। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
परिवार ने नॉनवेज खाया था। इसके बाद उल्टियां होने लगी। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। दो लोगों की मौत हो गई। इसमें महिला भी शामिल है। तीन लोगों का इलाज चल रहा है। - नितीश ठाकुर, एएसपी
Updated on:
01 Aug 2025 09:09 am
Published on:
01 Aug 2025 09:09 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
