कोरबा. बलरामपुर जिले के कुसमी से अंबिकापुर कटघोरा के रास्ते रायपुर जा रही यात्री बस गुरसिया के पास पलट गई। इसमेें 19 यात्री घायल हो गए। घायलों को पोड़ी उपरोड़ा और कटघोरा के अस्पताल में भर्ती किया गया है। ड्राइवर और खलासी फरार हैं। उनकी पतासाजी की जा रही है।
दुर्घटना का कारण बस की बेकाबू रफ्तार बताई जा रही है। मंगलवार शाम कुसमी से यात्रियों को लेकर पॉपुलर सर्विस की बस अंबिकापुर के रास्ते रायपुर जा रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 111 पर मंगलवार- बुधवार की दरम्यानी रात लगभग दो बजे बांगो थाना क्षेत्र मेें ग्राम गुरसिया के पास बस बेकाबू होकर पलट गई। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को पोड़ी उपरोड़ा के अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेफर किया गया है।