
दो ताजा मामलों में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल
कोरबा. अपराधियों की धरपकड़ और पुलिस गश्त के बावजूद अपराधी किस्म के लोगों के हौसले बुलंद हैं। इनमें से कई आरोपी कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए घर में घुसकर मारपीट और छेड़छाड़ की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस विवेचना के नाम पर इन पर शिकंजा कसने में वक्त लगा रही और पीडि़त न्याय पाने के लिए जगह-जगह गुहार लगा रहा है। ऐसी परिस्थतियों से कानून व्यवस्था डगमगाने के साथ ही पीडि़तों का मनोबल भी गिरा हुआ है।
केस- 1 : घर में पथराव कर मारपीट में अभी पांच फरार
अमरैय्यापारा क्षेत्र में एक वृद्ध के मकान में पथराव कर उसकी बहू व बच्चों के साथ मारपीट की गई। मानिकपुर चौकी अंतर्गत अमरैय्या पारा हरियाणा गली के मकान क्रमांंक 358 में छतरसिंह 66 वर्ष निवास करता है। पहले तो मानिकपुर पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया और जब एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज हुआ तो लीपापोती शुरू कर दी गयी। वृद्ध छतर सिंह ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 10 जून की आधी रात बजे स्थानीय निवासी सोनू, चमरू, रघु , अमित, रोशन, मनोज, बड़े बजरंत, विशाल,निशान एवं शिवापुरन एक राय होकर उसके घर घुस कर जमकर मारपीट भी की। परिवार को इसमें चोट भी आई। परिवार के अनुसार आरोपियों पर कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण सभी ने इसकी शिकायत एसपी से की तब मामला दर्ज हुआ।
जबकि मानिकपुर चौकी प्रभारी राजेश चंद्रवशी का कहना है कि आधी रात को थाने से स्टाफ को घटना स्थल पर भेजा गया था। परिवार का मेडिकल भी कराया जा रहा था। चूंकि मामला आधी रात का था। इसलिए सुबह होने पर ही कार्यवाही की जा रही थी। लेकिन परिवार के सदस्य एसपी के पास चले गए जबकि चौकी में आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही जारी थी।
एसपी की सख्ती के बाद 11 आरोपियों में से छ: को पुलिस ने गिरफ्तार किया लेकिन धाराएं सामान्य होने के कारण उन्हें थाने से मुचलके पर छोड़ा गया। जबकि शेष पांच आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
केस- 2 : जमीन को लेकर महिला व दो बेटों को पीटा, बन गया काउंटर केस
न्यायालय के निर्देश पर जमीन की पैमाइश के दौरान रामपुर चौकी क्षेत्रांतर्गत रामपुर बस्ती में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की जमकर पिटाई कर दी। घटना में घायल युवक रामपुर बस्ती निवासी आफरीन खान पिता युसूफ खान 32 वर्ष ने रामपुर चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बस्ती में निवासी गंगासागर पाठक पिता कपिलेश्वर पाठक आरोपी है। गंगासागर पाठक ने पुन: विवाद की स्थिति निर्मित किया और आफरीन व उसके भाई व मां के साथ गाली -गलौच करते हुए जमीन को खाली करने की बात कहते हुए उसकी पिटाई कर दी।
गंगासागर की ओर से भी इसी तरह की शिकायत की गई है। इस घटना में आफरीन का घायल परिवार फिलहाल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में है। आफरीन के मां की कमर व हाथ की हड्डी में फ्रेक्चर है। इस मामले में रामपुर चौकी प्रभारी मेलाराम कठौतिया का कहना है कि जमीन को लेकर हुए विवाद की दोनों पक्षों ने एक दूसरे की शिकायत की है। हालांकि एक पक्ष को ज्यादा चोट तो लगी है। लेकिन शिकायत दोनों ने की है। इसलिए मामले में काऊंटर केस दर्ज किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
केस- 3 : किशोरी से घर में घुसकर छेड़छाड, आरोपी फरार
घर में घुसकर अपराध की यह सबसे ताजा घटना बालको थाना क्षेत्रांतर्गत खरमोरा की है। यहां के एक युवक ने किशोरी के घर घुसकर छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया । बालको पुलिस ने किशोरी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट 8 एवं धारा 457, 354, 323 भादवि के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार सजल अग्रवाल एक किशोरी के घर आ घुसा और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। किशोरी द्वारा शोर मचाए जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।पीडि़ता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। पीडि़ता अपने परिजनों के साथ बालको थाना पहुंची और सजल अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी अब भी फरार है।
Published on:
16 Jun 2018 12:11 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
