
जोगी कांग्रेस के उत्तर भारतीय प्रकोष्ठ प्रमुख ने थाम लिया भाजपा का दामन
कोरबा. चुनाव के मौसम में लोगों का दल प्रवेश तेजी से बढ़ा है। इस कार्यक्रम में भाजपा अब तक सबसे आगे दिख रही है। वहीं कांग्रेस भी दूसरे नंबर पर है। अब तक यह देखा गया कि कांग्रेस के लोग भाजपा में जा रहे थे और भाजपा के लोग कांग्रेस में जा रहे थे। पर ताजा मामले की बात करें तो सोमवार को जोगी कांग्रेस के उत्तर भारतीय प्रकोष्ठ के प्रमुख चंद्रभूषण झा ने पार्टी और प्रत्याशी को देखते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा की ओर से दी जा रही जानकारी के अनुसार कोरबा विधानसभा क्षेत्र में अब तक पांच हजार से ज्यादा लोगों ने भाजपा में प्रवेश किया है। पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक छह की कई महिलाओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
इन हालात में जैसे-जैसे चुनाव की तिथि नजदीक आ रही है और जिस प्रकार से कार्यकर्ता टूट रहे हैं इससे समीकरण तेजी से बदलने की बात कही जा रही है। चन्द्रभूषण झा के भाजपा प्रवेश के दौरान भाजपा प्रत्याशी विकास महतो ने पार्टी के झण्डे के रंग और चुनाव चिन्ह वाला गमछा पहनाकर झा का अभिवादन किया, इनके साथ प्रमोद सिंह भी थे।
कांग्रेस पर साधा निशाना
सोमवार को कार्यकर्ताओं को प्रवेश दिलाने के दौरान कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा गया। प्रत्याशी विकास महतो ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों का ध्यान रखती है। कोरबा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व 10 वर्षों से कांग्रस के विधायक द्वारा किया जा रहा है, लेकिन उनकी निष्क्रियता जग जाहिर है। विकास के मामले में शहर पिछड़ गया है।
Updated on:
06 Nov 2018 11:29 am
Published on:
06 Nov 2018 11:29 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
