
राखड़ डेम की अव्यवस्था देख भड़के एमडी, सिविल के अफसरों को फटकारा, दिए निर्देश
कोरबा. छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के एमडी केआरसी मूर्ति मंगलवार को कोरबा प्रवास पर रहे। एमडी राखड़ डेम का निरीक्षण करने पहुंचे और इसकी अव्यवस्था देखकर अफसरों की मौके पर ही क्लास लगा दी। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ मीटिंग की। मूर्ति ने मंगलवार को एचटीपीएस कोरबा पश्चिम के तीनों राखड़ बांधों का जायजा लिया।
इस दौरान कंपनी के सिविल विभाग के अफसर भी साथ थे। एमडी राखड़ डेम की व्यवस्था से बेहद असंतुष्ट दिखे। उन्होंने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए। करीब एक माह पहले राखड़ डेम फूटने से हुई परेशानी से सबक न लेते हुए अफसरों ने यहां जरूरी इंतजाम नहीं किए हैं। इसलिए एमडी के इस दौरे में राखड़ बांध पहली प्राथमिकता में रहे। झाबू, लोतलोता और डिंडोलभाठा के राखड़ बांध को देखा और सिविल विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
राखड़ बांध से लौटकर करीब ५:३० बजे को पावर हाउस स्थित एमसीआर में विद्युत अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की। इसके पहले एमडी मूर्ति दोपहर बाद तीन बजे एचटीपीएस वीआईपी रेस्ट हाउस पहुंचे थे। एक सवाल के उत्तर में एमडी मूर्ति ने बताया कि जनरेशन कंपनी में बिजली उत्पादन की स्थिति अच्छी है। जिले के पावर प्लांट भी अच्छा प्रदर्शन दिखा रहे हैं।
वितरण कंपनी के ईडी ने ली अधिकारियों की बैठक, जानें किस बात पर हुई चर्चा
विद्युत वितरण विभाग के ईडी अशोक कुमार मंगलवार को कोरबा प्रवास पर रहे। सीएसईबी के वीआईपी रेस्ट हाउस में उन्होंने शहरी क्षेत्र के वितरण विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान शहर में बिजली गुल होने और बिजली वितरण के सिस्टम में कैसे सुधार लाया जाए। इन्हीं बिन्दुओं पर चर्चा की।
ईडी की बैठक सुबह १० बजे ही शुरू हो गई थी। जोकि दोपहर दो, तीन बजे तक चलती रही। बैठक में कोरबा के एसई पीवी संजीव, ईई तरूण ठाकुर के साथ शहर के तीनो जोन के एई व जेई मौजूद रहे। सभी को अपने-अपने जोन से संबंधित शिकायतों व परेशानियों की फाईल साथ लेकर आने को कहा गया था। इन्हीं बिन्दुओं पर चर्चा की गयी। चर्चा के बाद ईडी ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था की स्थिति का मुआयना करने दीपका क्षेत्र के दौरे पर चले गए।
सीएम ने कही थी कमेटी बनाने की बात
मोबाइल तिहार में कोरबा प्रवास के दौरान सीएम डॉ. रमन सिंह ने कोरबा में व्याप्त विद्युत की समस्याओं को लेकर किए सवाल के जवाब में कहा था कि जिले की समस्याओं के लिए कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी इन समस्याओं को चिन्हित कर रही है। सीएम की इस घोषणा के बाद ईडी के दौरे क्षेत्रवासियों को काफी उम्मीदें हैं। ईडी ने मीटिंग में एक-एक कर सभी जोन के सहायक अभियंताओं से उनके क्षेत्र की समस्याओं को समझने का प्रयास किया।
अमले की कमी पर भी हुई चर्चा
कोरबा में स्वीकृत पदों की तुलना में आधे लाईनमैन कार्य कर रहे हैं। ऐसे में बिजली बंद होने का कारण पता लग जाने के बाद भी समय पर मरम्मत का कार्य पूरी नहीं हो पाता। इस संबंध में मीटिंग में चर्चा की गई। इसकी कार्यवाही भी प्रक्रियाधीन है। जल्द ही जिले को लाइनमैन मिलने की संभावना है। ऐसा हुआ तो कार्यक्षमता में इजाफा होगा।
ये है शहर की प्रमुख समस्या
कोरबा जिले के शहरी क्षेत्रों में जहां-तहां झूलते तार बड़ी समस्या हैं। जिससे कई दफा इनकी चपेट में आकर मवेशियों की भी मौत हो जाती हे। मेंटनेंस में लगने वाले सामग्री की कमी भी बनी रहती है। घनी आबादी होने के बाद लोगों बांस के सहारे लाईन खींच रखा है। विभाग द्वारा ऐसे स्थानो पर खंभों की व्यवस्था नहीं हो पाई है। इसके अलावा कमजोर नींव वाले खंभे, मीटर की कमी, सौभाग्य योजना का टारगेट पूरा करना सहित अन्य कई समस्या बनी हुई है। ईडी की मीटिंग में सभी बिन्दुओं पर चर्चा की गई।
Published on:
07 Aug 2018 10:36 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
