
शहर की बिगड़ी बिजली व्यवस्था से परेशान हैं लोग, आज मुड़ापार, शारदा विहार क्षेत्र में शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित
कोरबा. वितरण कंपनी ने मरम्मत के नाम पर गुरुवार को मुख्य शहर में छह घंटे तक बिजली की आपूर्ति बंद कर दी। इससे ट्रांसपोर्ट नगर, दर्री रोड, डीडीएम रोड और रामासागर पारा सहित अन्य क्षेत्रों में बिजली बंद हुई। आज मुड़ापार, शारदा विहार क्षेत्र में आपूर्ति शाम चार बजे तक नहीं होगी। बांकीमोंगरा और गजरा साइड में भी शाम चार बजे बिजली चालू नहीं की जाएगी।
बिजली की लचर व्यवस्था ने लोगों को परेशान कर रखा है। गुरुवार को वितरण कंपनी ने सीडीईएफ, गायत्री मंदिर टीपी नगर, दर्री रोड, इंदिरा नगर सब स्टेशन में मरम्मत का कार्य किया। इसके लिए गुरुवार सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक शहर में बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई।
इससे ट्रांसपोर्ट नगर, लालू राम कॉलोनी, प्रेस कॉम्पलेक्स, कॉफी हाऊस के आसपास स्थित क्षेत्र, सीएसईबी पूर्व के ऑफिसर कॉलोनी, डीडीएम रोड, दर्री रोड, रामसागर में बिजली की आपूर्ति नहीं हो सकी। शाम ४.३० बजे बिजली चालू हुई। लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली बंद होने से लोगोंं को काफी परेशानी हुई। अधिकांश दफ्तरों में काम काज दिनभर ठप रहा। गैरेज में भी वेल्डिंग नहीं हुई। ऑटो मोबाइल सेक्टर का कारोबार काफी प्रभावित हुआ। व्यापारियों के कारोबार पर असर पड़ा। शहर की बिगड़ी बिजली व्यवस्था से लोग परेशान हैं। करतला में तीन दिन से बिजली नहीं आ रही
इधर, ब्लॉक करतला में तीन दिन से बिजली की आपूर्ति बंद है। इससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। बताया जाता है कि तीन दिन पहले गरज चमक के साथ हुई बारिश से सब स्टेशन में लगे उपकरण को काफी नुकसान पहुंचा है।
तहसील कार्यालय की बिजली गुल, निर्वाचन कार्य रहा बाधित
मतदाता सूची में नाम जोड़वाने या फिर संसोधित कराने के लिए ३१ अगस्त अंतिम तिथि है। फाइनल मतदाता सूची जारी करने के लिए सभी बीएलओ फार्म के साथ तहसील कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां अव्यवस्था की वजह से काफी धीमी गति से काम हो रहा है।
गुरुवार को सुबह से ही तहसील कार्यालय की बिजली गुल रही। निर्वाचन कार्य को लेकर तहसील कार्यालय में अब तक निर्वाचन शाखा में काम होता था। भीड़ देखते हुए पटवारी कार्यालय में इसे शिफ्ट कर दिया गया है।
मतदाता सूची में सुधार के साथ ऑनलाइन एंट्री का काम भी यहीं से हो रहा है। कई ऑपरेटरों को यहां पर लगाया गया है। इसके बाद भी अव्यवस्थाओं की वजह से समय पर काम नहीं हो रहा है। बीएलओ अपने केन्द्र के सभी फार्म को शाखा में जमा कर रहे हैं, लेकिन फार्म को सुरक्षित तौर पर नहीं रखा जा रहा है। इधर अंतिम तिथि नजदीक आने की वजह से कई आवेदक खुद निर्वाचन शाखा पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां उनको भटकना पड़ रहा है। बिजली गुल होने की वजह से घंटो काम ठप्प रहा।
Published on:
31 Aug 2018 11:20 am
बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
