
डीजल की चोरी करने वाले एक गिरोह के चार युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोरबा. नशे का शौक को पूरा करने के लिए डीजल की चोरी करने वाले एक गिरोह के चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनसे अलग-अलग जेरीकेन में ७० लीटर डीजल जब्त किया है। डीजल की कीमत ४९६० रुपए है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए सभी युवक झोपड़ीपारा पंप हाउस के निवासी है। इसमें दिनेश चौहान, किशन लाल, सोन साय और विशाल कुमार शामिल है जबकि पांचवां सदस्य सुनील गुप्ता फरार है।
पूछताछ में युवकों ने स्टेडियम रोड-सीएसईबी चौक के बीच सड़क किनारे खड़ी गाडिय़ों से डीजल की चोरी करना स्वीकार किया है। गिरोह कई दिन से सड़क किनारे खड़ी गाडिय़ों से डीजल की चोरी कर बेचता था। मंगलवार रात गश्त के दौरान पुलिस ने दो युवकों को दो जेरीकेन के साथ पकड़ लिया। जेरीकेन में पुलिस को ३५-३५ लीटर डीजल मिला।
पूछताछ में युवकों ने डीजल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश करना बताया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो और युवकों को पकड़ लिया। उन्होंने सुनील के साथ मिल कर डीजल की चोरी करना बताया है। आरोपियों ने यह भी बताया कि घटना की सड़क किनारे खड़ी गाडिय़ों से चार जेरिकेन में १४० लीटर डीजल निकाला गया था। ७० लीटर डीजल को गिरोह ने बेच दिया था। शेष के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। इस बीच पुलिस के हत्थे चढ़ गए ।
सूने मकान से 34 हजार के जेवरात की चोरी
वहीं चोरों ने एक सूने मकान में धावा बोलकर ३४ हजार रुपए के जेवरात की चोरी कर ली। पुलिस ने बताया कि एसईसीएल से सेवानिवृत्त सुरक्षा गार्ड नेतराम बांकीमोंगरा के जंगल साइड इलाके में मकान बनाकर रहता है। नेतराम का परिवार घर में ताला लगाकर बाहर गया था। इस बीच चोरों ने मकान में धावा बोल कर आलमारी को तोड़ दिया। सोना का हार वजन करीब डेढ तोला, कीमत लगभग ३० हजार रुपए, चांदी की पैरी, कीमत ढाई हजार रुपए और एक हजार रुपए नगदी सहित अन्य सामान की चोरी कर ली। परिवार घर पहुंचा तो चोरी का पता चला। उसने घटना की शिकायत बांकीमोंगरा थाना को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने पतासाजी के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
Published on:
5 Jul 2018, 11:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.