
कोरबा . पाली-तानाखार विधायक राम दयाल उइके मंगलवार को सिंघिया में आयोजित कांग्रेस के संकल्प शिविर में लाठी-गोली चलाने की ऐसी भाषा बोल गए कि प्रदेश प्रभारी पीएल को पुनिया को सफाई देनी पड़ गई। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर राज्य के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस द्वारा संकल्प शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को पाली-तानाखार विधानसभा के ग्राम सिंघिया में आयोजित संकल्प शिविर में स्थानीय कांग्रेसी विधायक व पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राम दयाल उईके ने भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लाठी-गोली चलाने का संकल्प दिला दिया। दरअसल संकल्प शिविर में सार्वजनिक मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उईके पार्टी कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने का प्रयास कर रहे थे। इसी जोश में वे बोल पड़े कि 'लाठी, गोली चलाने की जरूरत पड़े तो चलाएंगे लेकिन भारतीय जनता पार्टी को छत्तीसगढ़ से भगाएंगेÓ। इतना कहने के बाद वह मंच से नीचे उतर गए।
महज मुहावरा इसे अन्यथा ना लिया जाए
रामदयाल उईके द्वारा लाठी गोली वाली बात कहने के बाद प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया से इस विषय में पूछा गया कि क्या कांग्रेस सच में लाठी और गोली चलाएगी? तो पुनिया ने सफाई देते हुए कहा कि उईके ने जो कहा उसका मतलब यह था कि हम चुनाव में पूरी ताकत लगा देंगे और जी तोड़ मेहनत करेंगे। लाठी गोली वाली बात महज़ एक मुहावरा है, इसे अन्यथा न लिया जाए।
इस संकल्प शिविर में कांग्रेसियों ने कार्यकर्ताओं को चुनाव से पहले बूथ मैनेजमेंट करने से लेकर मतदाताओं को बूथ तक लाने के लिए विभिन्न कार्यों की जानकारी दी और उन्हें पे्ररित भी किया। हालांकि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के बावजूद प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस बाबा सिंहदेव संकल्प शिविर में नहीं पहुंच सके। शिविर में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष शिव डहरिया, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ चरण दास महंत सहित विधायक जय सिंह अग्रवाल व श्यामलाल कंवर संकल्प शिविर में मौजूद रहे। इसके अलावा जिले भर के कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी संकल्प शिविर में पहुंचे थे।
Published on:
10 Apr 2018 06:34 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
