
बैकुंठपुर. Paddy procurement in-charge beaten: आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जामपारा के धान खरीदी प्रभारी अजय साहू से पल्लेदारों ने मारपीट की। इससे वहां जमकर हंगामा हुआ। मारपीट की शिकायत करने खरीदी प्रभारी समेत समिति के स्टाफ थाने पहुंचे। यहां उन्होंने मारपीट करने वाले पल्लेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं एसडीएम अंकिता सोम के नेतृत्व में टीम जांच करने समिति पहुंची। मारपीट के बाद काफी देर तक खरीदी का काम बंद रहा।
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति धान उपार्जन केंद्र जामपारा में मंगलवार को धान बेचने ५२ किसानों ने टोकन कटवाया था। वे सुबह से टै्रक्टर सहित अन्य साधन से धान लेकर पहुंचने लगे थे।
इस दौरान सुबह करीब 9.30 बजे खरीदी प्रभारी अजय साहू और समिति के 2 पल्लेदार प्रदीप उर्फ भरोस व नितीन राजवाड़े के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई।
मामला इतना बढ़ गया कि खरीदी प्रभारी से मारपीट की गई। मामले में उपार्जन केंद्र में धान खरीदी बंद कर सारे स्टाफ कोतवाली पहुंच गए। जहां पल्लेदारों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा कार्रवाई की मांग की गई।
वहीं उपार्जन केंद्र में कई घंटे तक खरीदी ठप रही और प्रांगण से लेकर सडक़ तक गाडिय़ों की लाइन लगी रही। मामले में एसडीएम अंकिता सोम के नेतृत्व में टीम जांच करने समिति पहुंची और अलग-अलग लोगों का बयान लिया गया।
समिति के बाहर सडक़ पर वाहनों की लगी रही कतार
धान खरीदी केंद्र में मारपीट के बाद कुछ घंटे तक खरीदी प्रभावित रही। साथ ही समिति प्रांगण सहित सडक़ पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। धान बेचने आए किसान बारदाना आवंटन होने का इंतजार करते रहे। इसी बीच प्रशासनिक टीम जांच करने पहुंची। फिर किसानों को एक-एक कर बारदाना वितरण कर धान खरीदी प्रारंभ की गई।
यह है मामला
खरीदी प्रभारी साहू के मुताबिक पल्लेदार प्रदीप की शिकायत मिल रही थी कि धान बेचने आने वाले किसानों से पैसा उगाही करता है। इसके बाद उसे निकाल दिया गया था। मंगलवार की सुबह 9 बजे वे केंद्र में पहुंचे थे। उसके बाद पल्लेदार प्रदीप पहुंचा और खरीदी प्रभारी से बोलने लगा कि कैसे काम से निकाल दिए हो।
इतने में उसका साथी नितीन भी सपोर्ट करने लगा। इस दौरान खरीदी प्रभारी से हाथापाई व धक्का-मुक्की व मारपीट की गई। मामले में समिति के स्टाफ थाने पहुंच गए। वहीं खरीदी बंद होने के कारण स्टाफ के पीछे-पीछे धान बेचने वाले किसान भी थाने पहुंच गए थे।
सुलझा लिया गया है मामला
समिति का मामला सुलझाया गया है। कुछ देर के लिए खरीदी प्रभावित हुई थी। उसके बाद धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। मौके पर एसडीएम सहित अधिकारी पहुंचे थे।
विजय नाथ उईके, सहायक पंजीयक कोरिया
Updated on:
19 Dec 2023, 8:15 PM IST
Published on:
19 Dec 2023, 8:15 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोरीया
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.