बिजौरा. (बारां). पंचायत क्षेत्र के बून्दी गांव के राप्रावि में शुक्रवार को 45 प्लस वाले 60 से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल 90 लोगों की वैक्सीन लगाई। यहां टीकाकरण केन्द्र पर 105 साल की बुर्जुग महिला केशर बाई ने कोविड 19 की पहली खुराक ली। ऐसा कर केशर बाई ने उन सभी लोगों को प्रेरणा दी है जो टीकाकरण अभियान मे शामिल होने से बच रहे हैं। क्षेत्र के लोगों मे कोरोना के टीके को लेकर हिचकिचाहट है। केशरबाई ने लोगों की मानसिकता बदलने का काम किया। इसके बाद यहां पर लोगों ने उत्साह से टीका लगाया। एएनएम आरती चन्देल, सन्तोष सुमन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुगना सुमन, सन्तोष मीणा, रामभरोसी बाई, बीएलओ जुगराज मीणा, वार्ड पंच मुकेश सुमन आदि ने सहयोग किया।