
Rain in kota
हाड़ौती अंचल में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। कोटा शहर में दिनभर तेज गर्मी और उमस के बाद शाम को तेज आंधी चली। इसके बाद बारिश हुई। बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। वहीं मंडाना कस्बे में चने के आकार के ओले गिरे। अंचल के कई कस्बों में तेज हवा के साथ हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। खेतों में कटकर पड़ी सोयाबीन, उड़द, मूंग व मक्का की फसल भीगने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कोटा का अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 33.4 व न्यनूतम तापमान 1 डिग्री गिरकर 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
कोटा जिले में भी शाम को अचानक मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। मंडाना में ओले भी गिरे। इसके अलावा अरण्डखेड़ा, रामगंजमंडी, सांगोद, सातलखेड़ी, कैथून, खेड़ारामपुर, बूढादीत सहित अन्य स्थानों पर बारिश हुई।बारां जिले के बड़गांव क्षेत्र में शाम को मौसम बदला और बिजली की चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे कुछ देर के लिए मौसम सुहाना हो गया। बूंदी जिले के कापरेन, केशवरायपाटन, सुवासा समेत अन्य गांवों में बरसात हुई।
झालावाड़ जिले के पनवाड़ कस्बे में शाम करीब पौने सात बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। तेज हवाओं के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा, आंधे घंटे तक हुई तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश के कारण सडक़ों पर पानी बह निकला। आंधी के साथ हुई बारिश के दौरान विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे पूरे कस्बे में अंधेरा छा गया।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी भारत के ऊपर बना डिप्रेशन शनिवार को उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे दक्षिणी उत्तरप्रदेश के ऊपर स्थित है। इसके आगामी 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम-उत्तर दिशा में आगे बढऩे तथा कमजोर होकर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग सहित शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 28 सितंबर तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
Updated on:
28 Sept 2026 06:53 pm
Published on:
28 Sept 2026 06:53 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
