स्वच्छ, सुंदर सड़़कें, कहीं भी कचरा नहीं, बगीचे में खिलते फूलों पर मंडराती तितलियां, पेड़ों पर चहकते पक्षी। जनाब, हम किसी उद्यान का बखान नहीं कर रहे, यह नजारा है एक सरकारी कॉलोनी का। स्वच्छता में निकम्मा साबित हो रहे नगर निगम के लिए बड़ा सबक है सीएडी ग्राउंड के पास स्थित आयकर अधिकारियों व कर्मचारियों की कॉलोनी। स्वच्छता, सुंदरता में वर्ष 2015-16 में इसे प्रदेश की सरकारी कॉलोनियों में प्रथम पुरस्कार मिला। यहां की सफाई व्यवस्था नगर निगम के हाथों में नहीं है। कॉलोनी की सोसायटी ने ही कमान संभाल रखी है। विभागीय अधिकारी व उनके परिवार के सदस्य भी इस बात को स्वीकार करते हैं कि इस कॉलोनी जैसी स्वच्छता, सुंदरता कहीं भी देखने को नहीं मिलती।