मुआवजा कम, कैसे बनाएं मकान
परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले सात गांवों के 566 परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रशासन लाटरी सिस्टम से भूखंड आवंटित कर चुका है। भूमि का मुआवजा वितरण किया जा चुका है लेकिन प्रशासन की तरफ से डूब में आने वाले जिन परिवारों को भूखंड आवंटन किया है, वहां मूलभूत सुविधाएं विकसीत नहीं हो पाई हैं। पुनर्वास समिति की ओर से राज्य सरकार को मकान निर्माण के लिए पांच लाख रुपए तक की राशि उपलब्ध कराने के भेजे प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली है। डूब में आने वाले परिवारों का कहना है कि अपने पुराने मकानों को छोडक़र उन्हें आवंटित भूखंड पर नई जगह अपने मकान बनाने होंगे। सरकार ने पुराने मकानों का जो मुआवजा निर्धारित किया वह इतना कम है कि उससे दूसरे स्थान पर जाकर मकान का निर्माण किसी सूरत में नहीं करवाया जा सकता।