
Income Tax Raid on Coaching Group in Kota
आयकर विभाग ने गुरुवार को कोटा के नामी कोचिंग समूह के देश भर में फैले संस्थानों पर आयकर सर्वे की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी है। कोटा में कोचिंग समूह के 12 संस्थानों पर एक साथ कार्रवाई चल रही है। आयकर विभाग के 250 से ज्यादा कर्मचारी इस कार्रवाई में जुटे हैं। कोचिंग समूह के साथ ही उससे जुड़े सीए, ज्वैलर्स और आर्किटेक्ट के ठिकानों पर भी आयकर कर्मी दस्तावेज तलाशने में जुटे हैं।
आयकर विभाग उदयपुर की अन्वेषण विंग की ओर से शहर के एक नामी कोचिंग समूह के देशभर में फैले संस्थानों पर गुरुवार को एक साथ सर्वे व छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। आयकर विभाग के 250 से ज्यादा कर्मियों ने देशभर में ने कोचिंग समूह के संस्थानों एवं उससे जुड़े ज्वैलर्स, सीए एवं आर्किटेक्ट के यहां भी जांच में जुटे है। गुरुवार सुबह 5 बजे शुरू हुई आयकर सर्वे की कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही।
आयकर विभाग की एक दर्जन टीमों ने एक साथ कोचिंग समूह के शहर में अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित संस्थानों पर सुबह पांच बजे कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले टीम कोचिंग समूह के निदेशक के तलवंडी स्थित आवास पर पहुंची और दरवाजा खटखटाया और गेट खोलते ही आयकर अधिकारी इनकम टैक्स रेड....की बात कहते हुए घर में दाखिल हुए और कार्रवाई की। झालावाड़ रोड स्थित कॉरपोरेट ऑफिस, जवाहर नगर स्थित संस्था भवन पर कार्रवाई शुरू की। आयकर विभाग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कोटा शहर में कोचिंग समूह के करीब एक दर्जन संस्थानों पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं एक प्रोपर्टी व्यवसायी के चार-पांच ठिकानों पर भी कार्रवाई की जा रही है। शहर में हो रही आयकर सर्वे की कार्रवाई में 250 से अधिक आयकर अधिकारी, इंस्पेक्टर लगे हुए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस भी तैनात की गई। अधिकारी दस्तावेजों की पड़ताल में जुटे हुए हैं।
पढ़ाई चलती रही
आयकर अधिकारी व कर्मचारी अलग-अलग नम्बरों की टैक्सी नम्बर की कारों में गुरुवार तड़के बडगांव नाके के पास पहुंचे और यहां विभाग के एक आला अधिकारी ने कार्रवाई की ब्रीफिंग की। उन्होंने स्पष्ट कह दिया कि कार्रवाई के दौरान किसी को परेशान नहीं करें और कोचिंग संस्थान की कक्षाओं में व्यवधान नहीं करें। यदि किसी फैकल्टी से पूछताछ करने है तो उन्हें कक्षा से बाहर बुलाकर बात करें। इसके चलते सभी जगह कक्षाएं सुचारू चलीं। हालांकि ऑफिस से जुड़े कर्मचारियों को अंदर नहीं जाने दिया गया।
Updated on:
8 Sep 2017, 9:28 AM IST
Published on:
8 Sep 2017, 7:53 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.