
कोटा .
गुमानपुरा थाना क्षेत्र स्थित सिनेमा हॉल में फिल्म पद्मावती का ट्रेलर दिखाने का आरोप लगाते हुए तोडफ़ोड़ करने के मामले में गिरफ्तार 6 जनों को पुलिस ने बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया। अदालत ने सभी की जमानत अर्जी खारिज कर उन्हें 29 नवम्बर तक जेल भेज दिया, वहीं करनी सेना कार्यकर्ताओं ने थाने पर प्रदर्शन कर फिल्म का ट्रेलर दिखाने पर हॉल नहीं चलने देने की चेतावनी दी।
Read More: करनी सेना ने सिनेमा हॉल में जमकर की तोडफ़ोड़
राजपूत करनी सेना के नेतृत्व में 30-40 कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एरोड्राम चौराहा स्थित आकाश मॉलके गोल्ड डिजिटल सिनेमा हॉल में पद्मावती फिल्म का ट्रेलर दिखाने का आरोप लगाते हुए टिकट काउंटर से लेकर फूड कोर्ट में तोडफ़ोड़ की। हॉल मैनेजर आशीष जैन ने उनके व सुरक्षा गार्ड कुलदीप समेत अन्य कर्मचारियों से मारपीट करने, उनका व गार्ड का मोबाइल और फूड कोर्ट काउंटर से 6500 रुपए चोरी करने की रिपोर्ट दी थी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर 6 जनों को गिरफ्तार किया था।
उप अधीक्षक बनेसिंह मीणा ने बताया कि मामले में अनंतपुरा निवासी हेमंत सिंह, प्रेम नगर निवासी कुणाल जांगिड, बोरखेड़ा निवासी दिग्विजय सिंह , संजय गांधी नगर निवासी वेद प्रकाश, राजपूत छात्रावास सूरजपोल निवासी विजयपाल सिंह व छावनी रामचंद्रपुरा निवासी प्रदीप सैनी को गिरफ्तार किया था। उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया।
इस दौरान उप अधीक्षक, कई सीआई व आरएसी जाप्ता मौजूद था। अदालत ने सभी 6 जनों की जमानत अर्जी खारिज कर 29 नवम्बर तक जेल भेज दिया। गुमानपुरा थानाधिकारी आनंद यादव ने बताया कि पुलिस ने सिनेमा हॉल से सीसीटीवी फुटेज लिए हैं। अन्य लोगों की तलाश जारी है।
Read More: भंसाली की पदमावती के विरोध में उतरे सांसद बिरला, बोले- गौरवशाली इतिहास से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं
थाने पर किया प्रदर्शन और दी चेतावनी
राष्ट्रीय करनी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष मंजीतसिंह नाथावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुबह गुमानपुरा थाने पर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हॉल में पद्मावती का ट्रेलर दिखाया गया तो हॉल को नहीं चलने दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मॉल में जिस तरह से तोडफ़ोड़ की गई, उससे अगले कई दिन तक कोई भी फिल्म नहीं चल सकती।
Published on:
15 Nov 2017, 9:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.