4 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पति की मौत के बाद देवर संग रह रही थी महिला, 7 दिन बाद खाली प्लॉट में मिली लाश; कोटा मर्डर का खुलासा

कोटा में अनंतपुरा की क्रेशर बस्ती में 28 सितंबर को खाली भूखंड में मिले महिला के अर्धनग्न शव का राज खुल गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है, जिसमें गले की हड्डी टूटी मिली। मृतका उड़ीसा निवासी मति उर्फ निशा थी।
2 min read
Google source verification

कोटा

•

image

Arvind Rao

•

Oct 04, 2026

kota anantpura murder case

Kota Anantpura Murder Case (Photo-AI)

Kota Anantpura Murder Case: कोटा शहर के अनंतपुरा थाना क्षेत्र की क्रेशर बस्ती में 28 सितंबर को खाली भूखंड में भरे पानी से मिले महिला के अर्धनग्न शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। जांच में सामने आया है कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमॉर्टम के दौरान उसके गले की हड्डी टूटी हुई मिली है।

महिला की मौत के बाद से देवर फरार

कोटा शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा ने बताया, मृतका की पहचान मति उर्फ निशा के रूप में हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसकी मौत हत्या के कारण होने की पुष्टि हुई है। मौके से मिले तथ्य भी हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। महिला की मौत के बाद से उसका देवर देवा फरार है। परिजनों की शिकायत के आधार पर अनन्तपुरा पुलिस ने देवा के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पति की मौत के बाद उड़ीसा लौट गई थी महिला

पुलिस के अनुसार, मति उर्फ निशा मूल रूप से उड़ीसा की रहने वाली थी। उसका विवाह साल 2018 में कनवास थाना क्षेत्र निवासी रवि के साथ हुआ था। दोनों का छह साल का एक बच्चा भी है। करीब पांच महीने पहले मति के पति रवि की अचानक मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद वह अपने छह साल के बच्चे के साथ उड़ीसा स्थित पीहर चली गई थी।

बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले उसका देवर देवा उड़ीसा पहुंचा था। वह मति को अपने साथ रखने के बहाने कोटा लेकर आया था। इसके बाद दोनों अनंतपुरा क्षेत्र की क्रेशर बस्ती में साथ रह रहे थे। इसी दौरान 28 सितंबर को महिला का शव बस्ती के पास एक खाली भूखंड में भरे पानी में मिला था।

शव की पहचान करना बनी थी चुनौती

महिला का शव मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी पहचान करने की थी। शव पुराना होने के कारण सड़-गल गया था। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया था। महिला के हाथ पर 'एमडी' लिखा हुआ था, जिसके आधार पर भी पुलिस ने उसकी पहचान के प्रयास किए।

एएसपी सुभाष चंद्र मिश्रा के मुताबिक, पुलिस ने आसपास के इलाकों में गुमशुदा महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई। क्रेशर बस्ती में भी महिला के बारे में पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस को मति उर्फ निशा के संबंध में जानकारी मिली। पता चला कि वह कुछ समय से अपने देवर के साथ क्रेशर बस्ती में रह रही थी। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर पहचान की प्रक्रिया पूरी की।

हत्या के कारण का खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद

मृतका की पहचान होने के बाद उसके भाई और पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला और उसके देवर के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई, इसका पता आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल देवर देवा घटना के बाद से फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पूरा खुलासा हो सकेगा।