
3 रातों में ही टूटा 7 जन्मों का वादा, पढि़ए, पति-पत्नी और 3 लाख रुपए का कनेक्शन...
कोटा. चेचट. विवाह ऐसा मौका होता है जब दो इंसानो के साथ-साथ दो परिवारों का जीवन भी पूरी तरह बदल जाता है। हिन्दू धर्म में विवाह की परंपराओं में सात फेरों की रस्म सबसे महत्वपूर्ण होती है। सात फेरों के बाद ही शादी की रस्म पूर्ण होती है और इन सात फेरों में ही दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे को सात जन्मों तक का साथ निभाने का वचन देते हैं। लेकिन, कोटा जिले के चेचट कस्बे में एक दुल्हन सात जन्मों का वादा तीन रातों में ही तोड़ गई।
दरअसल, दलालों ने फरियादी दूल्हा महेश से तीन लाख रुपए ऐंठ कर मध्यप्रदेश निवासी एक लड़की से शादी करवाई और तीन दिन बाद ही उसके दादा की तबीयत खराब होने का झांसा देकर दूल्हन को लेकर फरार हो गए। शादी कराने का झांसादेकर रुपए ऐंठ धोखाधड़ीकरने के मामले में पुलिस ने रविवार को एक महिला सहित दो आरोपियों को राजगढ़ (मध्यप्रदेश) जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। सोमवार को रामगंजमण्डी न्यायालय में पेश करने पर पुरुष को तीन दिन के रिमाण्ड पर पुलिस को सौंपा। वहीं आरोपी महिला को कोटा महिला सेन्ट्रल जेल भेज दिया है।
थानाधिकारी अब्दुल हकीम शेख ने बताया कि फरियादी चेचट निवासी महेश कुमार गुप्ता ने एक जुलाई को प्रकरण दर्ज कराया था। जिसमें बताया कि जिला राजगढ़ तहसील नरसिंहगढ़ के गांव लसूडिय़ा रामनाथ निवासी पप्पू उर्फ जगदीश सुथार व सुलिया (भवानीमण्डी) निवासी घनश्याम गुर्जर दोनों दलाल ने अयोध्या नगर भोपाल निवासी राहुल मिश्रा पत्नी नेहा उर्फ गंगा बाई से मिलकर फरियादी को अपने भाई की लड़की ज्योति मिश्रा से शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी से तीन लाख रुपए ऐंठ लिए। मामले में आरोपियों ने 29 जुलाई 2018 को कस्बे के पट्टीखेड़ा हनुमान मन्दिर पर शादी करवा दी। शादी के तीन दिन बाद आरोपी ने महेश को दुल्हन ज्योति को उसकी दादी की तबियत खराब होने का झांसा देकर ले गए। उसके बाद महेश छह माह तक राहुल मिश्रा व उसकी पत्नी नेहा मिश्रा सहित दोनों दलालों से दुल्हन को वापस भेजने के लिए सम्पर्क करता रहा, लेकिन उसको कोई न कोई बहाना बनाकर नहीं भेजा।
इस पर उसने शादी की एवज में दिए रुपए वापस मांगे। तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में आरोपी राहुल मिश्रा व उसकी पत्नी नेहा मिश्रा उर्फ गंगा बाई को राजगढ़ की जेल से प्रोडक्शन वारण्ट पर गिरफ्तार कर रामगंजमण्डी न्यायलय में पेश कर पुलिस रिमाण्ड लिया है। पुलिस इससे पूर्व में 5 अगस्त को घनश्याम गुर्जर को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन अभी दलाल पप्पू उर्फ जगदीश सुथार व दुल्हन ज्योति की गिरफ्तारी नहीं हुई है, दोनों को पुलिस तलाश कर रही है।
Updated on:
24 Sept 2019 10:49 am
Published on:
24 Sept 2019 10:49 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
