
petrol pump robbery in Baran
धनतेरस के दिन बारां में हथियारबंद लुटेरों ने पेट्रोल पंप लूट लिया। बारां के अटरू रोड़ पर स्थित पेट्रोल पंप पर तीन कर्मचारी तैनात थे। जिनमें से एक सो गया। इसी बीच तमंचों और तलवार से लैस तीन लुटेरे आए और पेट्रोल पंप कर्मचारियों को बंधक बनाकर 21 हजार रुपए लूट ले गए। हालांकि अभी तक पेट्रोल पंप के मालिक ने लूट की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है, लेकिन जैसे ही पुलिस को लूट की खबर मिली हड़कंप मच गया।
बारां पुलिस के मुताबिक अटरू रोड पर मंडोला गांव के पास खुले पेट्रोल पम्प को तड़के तीन हथियारबंद लुटेरों ने लूट लिया। जिस समय लूट की वारदात हुई उस वक्त पेट्रोल पंप पर तीन कर्मचारी मौजूद थे। जिनमें से एक कर्मचारी सो रहा था और बाकी के दो कर्मचारी बैठे हुए थे। इसी दौरान पेट्रोल भरवाने के बहाने से तीन लुटेरे पंप पर पहुंचे और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों के पास मौजूद 21 हजार रुपए का कैश लूटकर ले गए।
लूट से पहले कर्मचारियों को पीटा
लूट का शिकार हुए पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बताया कि तीन में से एक लुटेरे ने मुंह कपड़े से बांध रखा था ताकि उसकी पहचान ना हो सके। जबकि बाकी दो के मुंह खुले हुए थे। इनमें से एक लूटेरे के हाथ में तमंचा था और दूसरा लुटेरा तलवार लेकर आया था। उन्होंने जब लूट का विरोध किया तो लुटेरों ने पहले धमकाया और बात बिगड़ती देख मारपीट करने लगे। इसी बीच एक लुटेरे ने गोली मारने की धमकी दी तो वह शांत हो गए और लुटेरे उनके पास रखा सारा कैश लूट ले गए।
पुलिस में मचा हड़कंप
धनतेरस के मौके पर पेट्रोल पंप लूटने की वारदात होते ही पुलिस को खबर लगी तो पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस को शुरुआत में 85 हजार रुपए लूटने की सूचना मिली थी, लेकिन जब आनन-फानन पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली तो पता चला कि लुटेरे 21 हजार रुपए ही लूटकर ले जा सके हैं। सुबह होते ही बारां के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज चौधरी भी मौका निरीक्षण करने पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने लुटेरों को पकड़ने के लिए मातहतों को दिशा-निर्देश दिए।
नहीं दर्ज कराई एफआईआर
लूट की घटना के कई घंटे बाद भी पेट्रोल पंप मालिक अमर सिंह ने अभी तक लूट की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। हालांकि उन्होंने पत्रिका से बात करते हुए लूट की घटना होने की बात कही और पुलिस भी मौका मुआयना कर चुकी है। पुलिस ने लूट का शिकार हुए पेट्रोल पंप कर्मचारियों से भी पूछताछ की है।
Published on:
17 Oct 2017, 3:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.