
गिरफ्तार आरोपी और मृतका पूनम प्रजापति
Poonam Prajapati murder case : कोटा। राजस्थान के कोटा में दिल दहला देने वाले पूनम प्रजापति हत्याकांड में हैरान कर देने वाला सच सामने आया है। महावीर नगर थाना क्षेत्र के केशवपुरा सेक्टर-4 में मंगलवार को 12वीं कक्षा की छात्रा पूनम प्रजापति की भाभी व उसके प्रेमी ने ही क्रूरतापूर्वक गला काटकर हत्या की थी। मृतका की भाभी का शादी से पहले ही गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी के बाद भी भाभी का प्रेमी उससे मिलने घर आता था। इसका पता पूनम को चल गया था। प्रेम प्रसंग जग जाहिर नहीं हो, इसी कारण भाभी व प्रेमी ने साजिश रचकर पूनम की चाकू से गला रेत कर व सण्डासी से सिर पर वारकर निर्मम हत्या कर दी थी।
शहर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि मृतका पूनम प्रजापति की भाभी के शादी से पहले उसके ही गांव के राजू प्रजापति से प्रेम संबंध थे, जो शादी के बाद भी जारी रहे। पूनम के माता-पिता व दोनों भाई सुबह ही काम पर निकल जाते हैं। पूनम की भाभी घर पर अकेली रहती। वह अक्सर प्रेमी राजू प्रजापति को घर बुला लेती थी। उक्त प्रेम प्रसंग के बारे में मृतका की भाभी के गांव के राहुल एवं उसके परिवार को भी मालूम था। पूनम की शादी की बात राहुल से चल रही थी, जिसका मृतका की भाभी द्वारा विरोध किया गया था, क्योंकि इससे पूनम को एवं पूनम के जरिये पति अंकित व ससुराल वालों को प्रेम प्रंसग का पता चला जाता, लेकिन पूनम ने राहुल से ही शादी करने की जिद कर रखी थी।
यदि पूनम की शादी राहुल से हो जाती तो प्रेम प्रसंग का पता चल जाता। इसी कारण भाभी व उसके प्रेमी राजू प्रजापति ने पूनम की हत्या की साजिश रची। मंगलवार सुबह पूनम कहीं गई थी। दोपहर को घर आई और अपने कमरे में जाकर सो गई। घर पर पूनम और भाभी ही थे। मौका देखकर भाभी ने राजू प्रजापति को घर बुला लिया। दोनों ने मिलकर पूनम की चाकू से गला रेतकर एवं सण्डासी से सिर में चोट पहुंचाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका की भाभी को निरुद्ध किया है, जबकि आरोपी राजूलाल उर्फ राजू प्रजापति उर्फ राजा (24) निवासी ग्राम चुनाभाटी थाना मण्डावर झालावाड़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम ने वारदात के बाद घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ की। एफएसएल, डॉग स्कवायड व कार्य प्रणाली शाखा टीम ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए तो पुलिस की शक की सूई मृतका की भाभी कर तरफ घूम गई। इस पर भाभी को डिटेन कर पूछताछ की। पहले तो वह पुलिस टीम को गलत जानकारी देकर गुमराह करती रही।
लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने पूनम की हत्या प्रेमी राजू प्रजापति के साथ मिलकर करना कबूल लिया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सैनी, आईपीएस (प्रोब) पंकज यादव, पुलिस उप अधीक्षक मनीष शर्मा (वृत्त चतुर्थ) व योगेश शर्मा (वृत्त पंचम) व महावीर नगर थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अनुसंधान किया और वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी राजू को झालावाड़ के मण्डावर गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजू के विरुद्ध पूर्व में भी पुलिस थानों में मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं।
भाई अंकित प्रजापति ने बताया कि पिता बंकट प्रजापति वाहन चलाते हैं, मां घरों में झाडू-पौंछा करती हैं। उसकी पत्नी (भाभी) घर में ही रहती है। छोटा भाई कमल 14 साल का है और पढ़ाई करता है। बहन पूनम (17) ने 11वीं कक्षा पास की थी। उसने बताया कि पत्नी को छोड़कर परिवार के सभी लोग सुबह 8-9 बजे करीब निकल जाते हैं। छोटा भाई कमल मंगलवार दोपहर में आया, तब कॉमन रूम की कुंडी बाहर से लगी थी। वह पूजा वाले कमरे में जाकर सो गया। उसके बाद मां घर आई। उसने कॉमन रूम की कुंडी खोलकर दरवाजा खोला तो पूनम लहूलुहान मिली। उसका खून कमरे में फैला हुआ था। यह देखकर मां की रूह कांप गई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी। अंकित की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 302, 34 भादस में मामला दर्ज किया था।
मृतका के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। मेडिकल बोर्ड टीम के एक सदस्य के अनुसार पूनम के गले पर दो से अधिक गहरे घाव थे। वहीं उसके सिर में पीछे की तरफ गहरी चोट का निशान था। मृतका ने आरोपियों से कुछ देर संघर्ष किया। उसके हाथों में भी चोट के निशान थे।
Updated on:
16 May 2024 11:52 am
Published on:
16 May 2024 11:52 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
