
17 सौ पुलिसकर्मियों के जिम्मे रहेगी दशहरा मेले की सुरक्षा, इन स्थानों पर रहेगी पार्किंग की व्यवस्था
कोटा. राष्ट्रीय दशहरे मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोटा समेत रेंज से करीब 17 सौ पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके लिए एक थाना, कंट्रोल रूम, आधा दर्जन पुलिस चौकियां व सात वाच टॉवर स्थापित किए गए हैं।
कोटा सिटी एसपी दीपक भार्गव ने बताया कि मेले के लिए 8 से 24 अक्टूबर तक सुरक्षा व्यवस्था व यातायात व्यवस्था की गई है। मेले में इस वर्ष 3 से 4 लाख लोगों की भीड़ होने की संभावना है। ऐसे में शांति व्यवस्था के लिए एक एसपी, तीन एएसपी, 9 डिप्टी, 28 सीआई व 51 एसआई व एएसआई स्तर के पुलिस अधिकारियों समेत 1300 पुलिसकर्मियों व रेंज के विभिन्न क्षेत्रों से आई 5 आरएसी कंपनियां तैनात रहेगी।
संदिग्ध वस्तु के बारे में पुलिस को मेला थाना के लिए 0744-2501903 व किशोरपुरा थाने 0744-2350753, कंट्रोल रूम 0744-2350777 पर सूचना दी जा सकेगी।
सादा वस्त्रों में भी रहेंगे पुलिसकर्मी
दशहरे मेले में प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख लोगों के आने की संभावना है। ऐसे में मेले में सादा वस्त्रधारी पुलिसकर्मियों की पांच टीमें व आधा दर्जन घुड़सवार तैनात रहेंगे। मेले के सभी प्रवेशद्वारों पर भी सादावर्दी में पांच-पांच पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। शहर में प्रवेश के सभी मुख्य द्वारों पर 24 घंटे सशस्त्र नाकाबंदी की गई है। इसके अलावा आपातकालीन व्यवस्थाओं के लिए 5 फायर ब्रिगेड व चिकित्सा विभाग के चिकित्सा दलों की भी व्यवस्था की गई है।
मेले से पहले अपराधियों की धरपकड़
दशहरे मेले से पहले ही पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ की। इसके तहत पुलिस ने पिछले 15 दिनों में शांतिभंग में 998, आम्र्स एक्ट में 92, व एनडीपीएस एक्ट के तहत 15 जनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की।
यहां रहेगी पार्किंग
टीआई नीरज गुप्ता ने बताया कि दशहरा मैदान के लिए पार्किंग की व्यवस्था सीएडी कार्यालय के मैदान में, आशा पाला मंदिर के पीछे, छप्पनभोग में, किशोरपुरा पुलिया धोबीघाट पर व पुराना पशुमेला स्थल पर की गई है। निर्धारित स्थलों के अलावा अन्य स्थानों पर वाहन खड़े करने वालों के टोइंग वाहन से हटा दिया जाएगा।
Updated on:
7 Oct 2019, 7:55 PM IST
Published on:
7 Oct 2019, 7:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.