कुशीनगर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) के कुशीनगर दौरे के दौरान दिल को खुश करने वाला दृश्य सामने आया। सीएम यहां निरीक्षण के लिए पडरौना ब्लॉक (Padrauni Block) के सुसवलिया गांव पहुंचे थे। संक्रमित परिवार से मुलाकात के बाद जब वह बाहर निकले तो उसी गांव की रहने वाली एक बच्ची धान्या मुख्यमंत्री के पास पहुंची। उसके हाथ में एक गुलाब का फूल, एक माला व राधा-कृष्ण भगवान की एक मूर्ति थी। सीएम योगी ने उससे गुलाब का फूल व माला ले लिया, लेकिन मूर्ति वापस कर दी और कहा इसे तुम ले लो। काफी देर तक सीएम ने बच्ची से बात की। वह कक्षा दो की छात्रा है। इस दौरान बच्ची ने सीएम योगी को एक प्रार्थना पत्र भी लिखा, जिसमें बच्ची ने उसके परिवार की जमीन पर दबंगों के कब्जा होने का बात लिखी थी और मांग की थी कि सीएम उसे मुक्त करा दें।